वॉयस ओवर आर्टिस्ट और 500 रुपये फीस… टीवी से फिल्मों तक कैसे पहुंचे सुनील ग्रोवर, गुत्थी बनकर घर-घर में बनाई पहचान
Sunil Grover: एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में आना और फिर सबका चहेता बन जाना किसी एक्टर के लिए अवॉर्ड से कम नहीं होता. एक्टर सुनील ग्रोवर भी ऐसे ही एक्टर हैं, जिन्होंने कड़े संघर्ष के बाद इंडस्ट्री में अपनी खास पहचान बनाई और फिर घर-घर तक छा गए. उन्हें कपिल शर्मा के लाफ्टर शो से गुत्थी की पहचान मिली, जो आज भी कायम है. लोगों को उनके डायलॉग, उनका डांस और उनके अतरंगी गाने काफी पसंद आए. आज हम आपको उनके संघर्ष की कहानी बताने जा रहे हैं कि किस तरह से उन्होंने एक वॉयस ओवर आर्टिस्ट के तौर पर जिंदगी की शुरुआत की, जब उन्हें केवल 500 रुपये मिलते थे.
बार-बार झेला रिजेक्शन
सुनील ग्रोवर को रातोंरात पहचान नहीं मिली. उन्होंने अपने करियर में बार-बार रिजेक्शन झेला है. इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और कोशिशों में लगे रहे. कड़ी मेहनत के बाद उन्होंने घर-घर में गुत्थी, डॉक्टर मशहूर गुलाटी और रिंकू भाभी के रूप में पहचान बनाई. आज उन्हें बेस्ट कॉमेडियन और मिमिक्री आर्टिस्ट के तौर पर गिना जाता है.
बचपन से ही पसंद थी एक्टिंग
3 अगस्त 1977 को हरियाणा के सिरसा जिले के छोटे से कस्बे में जन्मे सुनील को बचपन से ही एक्टिंग का शौक था. वे बचपन से ही बड़े पर्दे पर एक्टर्स की जगह खुद को सोचते थे. इसके लिए उन्होंने थिएटर करना शुरू किया. उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी से थिएटर में मास्टर्स की पढ़ाई की.
गुटर गू में किया काम
इसी बीच कॉमेडियन जसपाल भट्टी की नजर उन पर पड़ी. शुरुआत में उन्हें सब टीवी पर आने वाले 'गुटुर गु' जैसे शुरुआती प्रोजेक्ट्स में काम मिला. इस शो में उन्होंने बिना एक शब्द बोले भी लोगों को हंसाया. इससे पहले वे 1998 में अजय देवगन की फिल्म 'प्यार तो होना ही था' में नजर आए थे. इस फिल्म से उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा. हालांकि उन्हें बॉलीवुड में पहचान नहीं मिली.
500 रुपये के लिए किया काम
एक इंटरव्यू में सुनील ने बताया था कि मुंबई आए, तो उन्होंने पॉश इलाके में एक घर किराए पर लिया था. शुरुआती दिनों में उन्हें वॉयस ओवर और इवेंट में काम मिलता था, जिसके लिए उन्हें 500 रुपये मिलते थे. उन्होंने टीवी शो में छोटे रोल्स के लिए ऑडिशन दिए. उन्हें दर्जनों बार रिजेक्शन का सामना करना पड़ा.
रेडियो मिर्ची से मिली पहचान
इसी बीच उन्हें रेडियो मिर्ची पर आने वाले शो 'हंसी के फव्वारे'में काम मिला. उन्होंने 'सूद' का किरदार निभाकर लोगों में अपनी पहचान बनाई. इस शो से उनकी किस्मत पलटी और टीवी की ओर वापसी हुई. कई छोटे किरदारों के बाद 'कॉमेडी नाइट्स विद कपिल' में 'गुत्थी' का रोल मिला, जिसने उनकी जिंदगी बदल दी.
इन फिल्मों और सीरीज में भी किया काम
इसके बाद उन्होंने डॉ. मशहूर गुलाटी और रिंकू भाभी जैसे कई किरदार निभाए. हालांकि कपिल शर्मा के साथ हुए विवाद के बाद उन्होंने शो छोड़ दिया और कई सालों बाद फिर वापसी की. इस दौरान उन्होंने 'गब्बर इज बैक', 'बागी', 'भारत' और 'जवान' जैसी तमाम फिल्मों में काम किया. 'तांडव' और 'सनफ्लावर' जैसी सीरीज भी लोगों को काफी पसंद आईं.