• Home>
  • Gallery»
  • 165 टन लाल टमाटरों से स्पेन में खेली गई दुनिया की सबसे महंगी होली: तस्वीरें देख याद आ जाएगी ऋतिक-फरहान वाली ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’

165 टन लाल टमाटरों से स्पेन में खेली गई दुनिया की सबसे महंगी होली: तस्वीरें देख याद आ जाएगी ऋतिक-फरहान वाली ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’

La Tomatina 2026: स्पेन के खूबसूरत शहर ब्यूनोल में हर साल की तरह इस बार भी दुनिया का सबसे मशहूर और अनोखा ‘ला टोमाटिना’ फेस्टिवल बड़े ही धूमधाम से मनाया गया. इस फेस्टिवल के दौरान बुधवार को हजारों की संख्या में पहुंचे पार्टी लवर्स ने एक-दूसरे पर जमकर सड़े हुए टमाटर फेंके, जिससे पूरा शहर लाल रंग में रंग गया. 1945 में एक स्थानीय फूड फाइट के रूप में शुरू हुआ यह फेस्टिवल आज दुनिया भर में एक बड़ा ग्लोबल स्पेक्टकल बन चुका. इस साल इस टोमेटो फाइट में करीब 20,000 से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया और ट्रकों भरकर लाए गए लगभग 165 टन टमाटरों की बारिश कर दी. इस अनोखे त्यौहार को बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’ के बाद भारत में भी जबरदस्त पॉपुलैरिटी मिली, जिसके बाद से हर साल बड़ी संख्या में भारतीय पर्यटक भी इसमें शामिल होने स्पेन पहुंचते हैं. एक घंटे तक चलने वाले इस मजेदार टोमेटो फाइट का लुत्फ उठाने के लिए लोग दूर-दूर से आते हैं और इस दौरान शहर का हर कोना जश्न में डूब जाता है.


By: Kajal Jain | Published: August 28, 2026 12:35:06 PM IST

फिल्म 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा' से इंडियन्स में बढ़ा क्रेज - Photo Gallery
1/8

फिल्म 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा' से इंडियन्स में बढ़ा क्रेज

इस फेस्टिवल को भारत में घर-घर तक पहुंचाने का पूरा क्रेडिट साल 2011 में आई बॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा' को जाता है. इस फिल्म में तीन दोस्तों की स्पेन ट्रिप के दौरान ला टोमाटिना फेस्टिवल को फिल्माया गया था, जिसे देखने के बाद से भारत से जाने वाले टूरिस्ट्स की संख्या में भारी उछाल आया है. स्पेनिश मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले कुछ सालों से इस फेस्टिवल में हिस्सा लेने वाले कुल लोगों में से करीब 40 प्रतिशत फॉरेन टूरिस्ट होते हैं, जिनमें भारतीयों की संख्या भी अच्छी खासी होती है जो इस रोमांचक अनुभव का हिस्सा बनने स्पेन पहुंचते हैं.

साल की सबसे बड़ी टोमेटो फाइट - Photo Gallery
2/8

साल की सबसे बड़ी टोमेटो फाइट

स्पेन के ब्यूनोल शहर में बुधवार को हर साल की तरह इस बार भी 'ला टोमाटिना' फेस्टिवल ऑर्गेनाइज किया गया. इस दौरान दुनिया भर से आए हजारों सैलानियों और पार्टी लवर्स ने मिलकर लगभग 165 टन सड़े हुए टमाटरों से एक-दूसरे पर हमला बोल दिया, जिससे पूरा शहर लाल रंग में रंग गया. संकरी गलियों में हुए इस मजेदार फाइट का हिस्सा बनने के लिए 20,000 से ज्यादा लोग इकट्ठा हुए थे. ट्रकों में भरकर लाए गए टमाटरों को जब भीड़ पर बरसाया गया, तो लोगों के सफेद कपड़े कुछ ही पलों में गुलाबी और लाल हो गए. बैकग्राउंड में बज रहे तेज पॉप म्यूजिक ने इस जश्न के माहौल में चार चांद लगा दिए.

1945 के एक छोटे से झगड़े से शुरू हुआ सफर - Photo Gallery
3/8

1945 के एक छोटे से झगड़े से शुरू था सफर

आज भले ही ला टोमाटिना दुनिया भर में एक ग्लोबल फेस्टिवल के रूप में जाना जाता है, लेकिन इसकी शुरुआत साल 1945 में एक झगड़े से हुई थी. जहां बुन्योल के चौक से मूर्तियों की झांकी और परेड गुजर रही थी. कुछ युवा भी इस मस्ती में शामिल होना चाहते थे. झगड़ा छिड़ गया और किसी ने सब्जी की दुकान को गिरा दिया. लोगों ने टमाटर उठाए और एक-दूसरे पर फेंकना शुरू कर दिया, जब तक कि पुलिस ने उन्हें रोका नहीं.अगले साल, लोगों को यह इतना पसंद आया कि वे अपने साथ टमाटर लेकर आए और एक और लड़ाई शुरू कर दी. आगे चलकर स्पेन के तानाशाह जनरल फ्रांसिस्को फ्रामो के शासनकाल में 1950 के दशक में इस पर प्रतिबंध भी लगा दिया गया था क्योंकि उन्हें मूर्खतापूर्ण और गन्दा खेल लगा. इससे कस्बे के लोग गुस्से में थे और उन्होंने एक हास्यास्पद विरोध प्रदर्शन किया. एक विशाल टमाटर का नकली अंतिम संस्कार आयोजित किया. जिसमें टमाटर का ताबूत और सैड म्यूजिक बजाया.सरकार ने हार मान ली और आधिकारिक नियमों के साथ फेस्टिवल को फिर से आयोजित करने की अनुमति दे दी. आज, ट्रक टन भर नरम टमाटर सड़कों पर लाते हैं, जिन्हें हजारों खुशहाल आगंतुक देखते हैं.1980 के दशक में जैसे ही टेलीविजन मीडिया ने इसे कवर करना शुरू किया, यह देश और दुनिया भर में मशहूर हो गया. आज यह स्पेन के सबसे बड़े और खास समर अट्रैक्शन में से एक बन चुका है, जिसका इंतजार लोग पूरे साल करते हैं.

एक घंटे का नॉन-स्टॉप धमाल और सुरक्षा के कड़े इंतजाम - Photo Gallery
4/8

एक घंटे का नॉन-स्टॉप धमाल और सुरक्षा के कड़े इंतजाम

यह पूरी टोमेटो फाइट सिर्फ एक घंटे तक चलता है, लेकिन इस दौरान एक्साइटमेंट पीक पर होती है. हालांकि टमाटर की गंदगी और टूरिस्ट की सेफ्टी के लिए स्थानीय प्रशासन ने फेस्टिवल से पहले ही शहर की सभी इमारतों को तिरपाल से ढक दिया जाता है. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल भी तैनात किए जाते हैं. फेस्टिवल का मजा पूरी तरह से लेने के लिए लोगों ने सुरक्षा का खास ख्याल रखा और आंखों में स्विमिंग गॉगल्स तथा कानों में इयरप्लग्स पहनकर इस मजेदार फाइट में उतरे, ताकि टमाटरों की बौछार से खुद को सुरक्षित रख सकें.

सिर्फ एक नियम: टमाटर फेंकने से पहले फोड़ना है जरूरी - Photo Gallery
5/8

सिर्फ एक नियम: टमाटर फेंकने से पहले फोड़ना है जरूरी

ला टोमाटिना फेस्टिवल में हुड़दंग और मस्ती के साथ-साथ सुरक्षा के नियमों का भी कड़ा पालन किया जाता है. इस आयोजन का सबसे पहला और मुख्य नियम यह है कि आप किसी पर भी साबुत टमाटर नहीं फेंक सकते. भीड़ में मौजूद हर व्यक्ति को टमाटर फेंकने से पहले उसे अपने हाथों से अच्छी तरह से मैश या क्रश (फोड़ना) करना पड़ता है, ताकि किसी को गंभीर चोट न लगे. इसके अलावा, ट्रकों की छाव से लोगों पर टमाटर बरसाए जाते हैं और चारों तरफ डीजे के गानों पर नाचते-गाते लोग इस खेल का भरपूर आनंद लेते हैं.

तस्वीरों में कैद दुनिया भर के लोगों का क्रेज - Photo Gallery
6/8

तस्वीरों में कैद दुनिया भर के लोगों का क्रेज

इस साल के ला टोमाटिना फेस्टिवल की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं. तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि कैसे हजारों की संख्या में लोग टमाटरों के ढेर पर लेटे हुए हैं और एक-दूसरे पर टमाटर फेंककर अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं. वैलेंसिया के पास स्थित ब्यूनोल की तंग गलियों में लोगों का यह सैलाब इस बात का सबूत है कि यह फेस्टिवल लोगों के दिलों में कितनी गहरी जगह बना चुका है. अमेरिका, यूरोप और एशिया समेत दुनिया के कोने-कोने से लोग इस लाल रंग के समंदर में डुबकी लगाने के लिए ब्यूनोल पहुंचते हैं.

तोप की एक आवाज के साथ खत्म हुआ जश्न और सफाई का अनोखा दौर - Photo Gallery
7/8

तोप की एक आवाज के साथ खत्म हुआ जश्न और सफाई का अनोखा दौर

जैसे ही तयशुदा एक घंटा पूरा होता है, एक तोप का जोरदार धमाका (कैनन ब्लास्ट) होता है, जिसके साथ ही इस साल के ला टोमाटिना फेस्टिवल के समापन की घोषणा कर दी जाती है. इसके बाद सभी लोग पास बने कम्युनिटी शावर की तरफ भागते हैं ताकि खुद को अच्छी तरह धो सकें. मजेदार बात यह है कि कपड़ों पर लगे टमाटर के दाग तो पक्के हो जाते हैं, लेकिन टमाटरों में मौजूद साइट्रिक एसिड एक बेहतरीन नेचुरल क्लीनिंग एजेंट का काम करता है, जिसकी वजह से फेस्टिवल खत्म होने के बाद ब्यूनोल की सड़कें पहले से भी ज्यादा साफ-सुथरी नजर आती हैं.

दुनिया भर में फैल रहा है ला टोमाटिना का खुमार - Photo Gallery
8/8

दुनिया भर में फैल रहा है ला टोमाटिना का खुमार

स्पेन के ब्यूनोल शहर के अलावा अब इस तर्ज पर दुनिया के कई अन्य हिस्सों में भी ऐसे ही टमाटर-फ्लाइंग इवेंट्स आयोजित किए जाने लगे हैं. अमेरिका के फ्लोरिडा, लंदन, एम्स्टर्डम, कोलंबिया के सुटामार्चन और यहां तक कि भारत के हैदराबाद में भी ऐसे आयोजन हो चुके हैं. इस फेस्टिवल में शामिल होने वाले नॉन-लोकल यानी बाहरी पर्यटकों को इसके लिए 15 यूरो (लगभग 17.50 डॉलर) का टिकट लेना पड़ता है. दुनिया भर में अपनी अनूठी पहचान बना चुका यह टोमेटो फाइट हर साल लोगों के बीच दोस्ती, मस्ती और रोमांच की एक नई मिसाल पेश करता है.