मेकर्स ने पानी की तरह बहाया पैसा: रामायण के कलाकारों की सैलरी जानकर कहेंगे- ‘बॉलीवुड में आज तक ऐसा कभी नहीं हुआ!’
Ramayana Fees and Budget: सिनेमा के गलियारों में इन दिनों अगर किसी सबसे बड़े और महंगे प्रोजेक्ट की चर्चा है, तो वो है निर्देशक नितेश तिवारी की मोस्ट अवेटिड फिल्म ‘रामायण’. इस मेगा-बजट फिल्म को लेकर फैंस के बीच दीवानगी का आलम यह है कि इससे जुड़ा हर छोटा-पढ़ा अपडेट सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल जाता है. करीब 4000 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में बन रही यह फिल्म दो भागों में रिलीज होने जा रही है- पहला पार्ट दिवाली 2026 और दूसरा पार्ट दिवाली 2027 में बड़े पर्दे पर तहलका मचाएगा. फिल्म की स्टार कास्ट बेहद दमदार है, जिसमें भगवान राम से लेकर रावण और हनुमान तक के किरदारों के लिए बड़े-बड़े नाम शामिल हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस फिल्म के लिए इन सितारों ने कितनी भारी-भरकम फीस वसूली है? आइए जानते हैं किस कलाकार ने अपनी एक्टिंग के लिए कितने करोड़ रुपये चार्ज किए हैं.
1. रणबीर कपूर
फिल्म में भगवान राम की मुख्य भूमिका निभा रहे बॉलीवुड के सुपरस्टार रणबीर कपूर ने इस प्रोजेक्ट के लिए कुछ ऐसा किया है जो उनके अब तक के करियर का सबसे बड़ा मील का पत्थर साबित हो रहा है.न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक, रणबीर इस फिल्म के दोनों पार्ट के लिए कुल 150 करोड़ रुपये चार्ज कर रहे हैं. यानी उन्हें प्रति पार्ट 75 करोड़ रुपये मिल रहे हैं, जिसके साथ वह इस फिल्म के सबसे महंगे लीड एक्टर बन गए हैं.
2. यश
कन्नड सिनेमा के सुपरस्टार यश, जो इस फिल्म में खलनायक यानी रावण का खूंखार किरदार निभा रहे हैं और साथ ही इस फिल्म के सह-निर्माता भी हैं, वे भी किसी से पीछे नहीं हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, यश इस फिल्म के दोनों भागों के लिए प्रति पार्ट 50 करोड़ रुपये ले रहे हैं, जिससे उनकी कुल फीस 100 करोड़ रुपये हो जाती है. उनका ऑन-स्क्रीन अंदाज फिल्म में देखने लायक होगा.
3. साई पल्लवी
साउथ सिनेमा की बेहतरीन और नेचुरल एक्टिंग के लिए पहचानी जाने वाली एक्ट्रेस साई पल्लवी फिल्म में माता सीता का पवित्र किरदार निभा रही हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह प्रति इंस्टॉलमेंट 6 करोड़ रुपये चार्ज कर रही हैं, जिससे दोनों भागों को मिलाकर उनकी कुल फीस 12 करोड़ रुपये होती है. उनकी सादगी पर्दे पर इस किरदार में जान फूंकने के लिए तैयार है.
4. सनी देओल
बॉलीवुड के 'गदर' स्टार सनी देओल इस भव्य फिल्म में भगवान हनुमान की भूमिका निभाते नजर आएंगे. हालांकि मेकर्स ने अभी तक उनका कोई लुक रिवील नहीं किया है, लेकिन उनकी फीस को लेकर जो खुलासे हुए हैं वे चौंकाने वाले हैं. बताया जा रहा है कि सनी पाजी प्रति पार्ट 20 करोड़ रुपये चार्ज कर रहे हैं, जिससे उनका कुल चेक 40 करोड़ रुपये का बनता है.
5. रवि दुबे
छोटे पर्दे के जाने-माने सितारे रवि दुबे इस फिल्म में भगवान राम के छोटे भाई लक्ष्मण का अहम किरदार निभा रहे हैं. यह उनके करियर की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक है. रिपोर्ट्स के अनुसार, रवि दुबे ने प्रति पार्ट 10 करोड़ रुपये चार्ज किए हैं, यानी दोनों फिल्मों के लिए उनकी कुल कमाई 20 करोड़ रुपये है.
6. विवेक ओबेरॉय
इस पूरी स्टार कास्ट में सबसे हैरान करने वाला और दिल जीतने वाला फैसला विवेक ओबेरॉय का रहा है. फिल्म में विद्युतजिह्वा का किरदार निभा रहे विवेक ने इस प्रोजेक्ट के लिए अपनी एक्टिंग फीस पूरी तरह से छोड़ दी है. उन्होंने मेकर्स से एक भी पैसा न लेने का फैसला किया और कहा कि वे इस ऐतिहासिक फिल्म में पैसे कमाने के बजाय अपना योगदान देना चाहते हैं.
7. अरुण गोविल
रामानंद सागर की ऐतिहासिक धारावाहिक 'रामायण' में भगवान राम का अमर किरदार निभाने वाले दिग्गज अभिनेता अरुण गोवल एक बार फिर इस भव्य गाथा का हिस्सा बन चुके हैं. इस बार वह पर्दे पर राजा दशरथ (राम के पिता) के रूप में नजर आएंगे. हालांकि उनकी फीस का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन उनका इस फिल्म से जुड़ना ही दर्शकों के लिए सबसे बड़ा नॉस्टैल्जिक सरप्राइज है.
8. रकुल प्रीत सिंह और अन्य सितारे
रामायण के मुख्य कलाकारों के अलावा इस फिल्म में रकुल प्रीत सिंह भी है जो अपने किरदार के लिए 1-2 करोड़ रुपये चार्ज कर रही हैं. लारा दत्ता को 2.5 करोड़ रुपये की पेमेंट मिल रही है. फिल्म में काजल अग्रवाल, इंदिरा कृष्णन, कुणाल कपूर, शिबा चड्डा और फैसल मलिक जैसे कई जाने-माने कलाकार भी अहमल रोल अदा कर रहे हैं. लेकिन इनमें से कई कलाकारों की फीस के आंकड़े अभी तक मीडिया में शेयर नहीं किए गए हैं.
9. 4000 करोड़ का मेगा बजट और उम्मीदें
तमाम कलाकारों की भारी-भरकम फीस और वीएफएक्स पर पानी की तरह पैसा बहाए जाने के बाद, इस फिल्म का कुल बजट 4000 करोड़ रुपये आंका गया है. यह भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे महंगी और भव्य फिल्मों में से एक है. अब देखना यह होगा कि दिवाली 2026 पर जब यह महागाथा सिनेमाघरों में उतरेगी, तो दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरती है.