Raksha Bandhan 2026 Sweet Recipe: रक्षाबंधन पर बाजार की मिठाई भूल जाइए, घर पर झटपट बनाएं 5 स्वादिष्ट मिठाइयां
Raksha Bandhan Sweet Recipe: रक्षाबंधन सिर्फ राखी और भाई-बहन के प्यार का त्योहार नहीं, बल्कि घर में बनने वाले स्वादिष्ट पकवानों की खुशबू का भी मौका है. अगर इस बार मेहमानों के लिए ऐसा मीठा बनाने का मन है जो स्वादिष्ट होने के साथ देखने में भी शानदार लगे, तो बाजार से मिठाई लाने की जरूरत नहीं. आपकी रसोई में मौजूद कुछ आसान चीजों से मिनटों में स्वादिष्ट मिठाइयां तैयार हो सकती हैं.
बिना मावा के पनीर पेड़े
पनीर और मिल्क पाउडर से स्वादिष्ट पेड़े बनाए जा सकते हैं. मैश किए हुए पनीर में मिल्क पाउडर और पिसी चीनी मिलाकर धीमी आंच पर पकाएं. मिश्रण गाढ़ा होने लगे तो इलायची पाउडर डालें. ठंडा होने के बाद छोटे पेड़े बनाएं और ऊपर से पिस्ता या बादाम लगाकर सजाएं.
सेवई की खीर
रक्षाबंधन की मिठास को और बढ़ाना है तो सेवई की खीर बनाएं. घी में सेवई को हल्का सुनहरा भूनकर उसनें दूध डालें. सेवई नरम होने और दूध थोड़ा गाढ़ा होने तक पकाएं. अब चीनी, इलायची, काजू-बादाम और किशमिश डालें. कुछ मिनट पकाने के बाद गैस बंद कर दें. फिर इसे परोस दें.
नारियल के लड्डू
नारियल के लड्डू त्योहार के लिए सबसे आसान और स्वादिष्ट विकल्पों में से एक हैं. इन्हें बनाने के लिए नारियल बुरादा, कंडेंस्ट मिल्क और थोड़ा घी लें. घी में नारियल को हल्का भूनें और फिर कंडेस्ड मिल्क डालकर मिश्रण गाढ़ा होने तक पकाएं. ठंडा होने पर गोल लड्डू बनाएं और नारियल बुरादे में लपेट दें. ऊपर से पिस्ता या बादाम लगाकर सजाएं.
झटपट बनाएं ब्रेड शाही टुकड़ा
मेहमानों के लिए आप ब्रेड शाही टुकड़ा बना सकते हैं. ब्रेड को तिकोने आकार में काटकर घी में सुनहार होने तक सेंक लें. हल्की चाशनी तैयार करके ब्रेड को उसमें थोड़ी देर डुबोएं. अब ऊपर से रबड़ी डालें और काजू, बादाम व पिस्ते से सजाकर परोसें. स्वाद ऐसा कि मेहमान रेसिपी जरूर पूछेंगे.
सूजी का हलवा
घर में सूजी है तो त्योहार की मिठाई की चिंता खत्म समझिए. घी में सूजी को धीमी आंच पर अच्छी तरह भूनें. खुशबू आने और रंग हल्का सुनहरा होने पर गर्म पानी या दूध डालें. अब चीनी और इलायची पाउडर मिलाकर पकाएं. ऊपर से काजू-बादाम डालें और गरमागरम हलवा परोसें.
इस रक्षाबंधन घर की मिठास से जीतें दिल
रक्षाबंधन पर महंगी मिठाइयां खरीदने के बजाय घर पर बनी इन आसान मिठाइयों से त्योहार की थाली सजाएं. कम मेहनत, कम सामान और भरपूर स्वाद के साथ ये रेसिपी भाई-बहन के इस खास दिन को और भी यादगार बना सकती हैं.