Met Gala 2026: ईशा अंबानी से लेकर करण जौहर तक, रेड कार्पेट पर छाए भारतीय सेलेब्रिटी, दिखा luxury और फैशन का अनूठा संगम
बीते 4 मई को मेट गाला में दुनियाभर की हस्तियां शामिल हुईं. न्यूयॉर्क के मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट के कॉस्ट्यूम इंस्टीट्यूट में ‘कॉस्ट्यूम आर्ट’ का जश्न मनाने के लिए कई सेलेब्रिटीज ने मेट गाला में शिरकत की, जिसमें भारत की भी कुछ हस्तियां शामिल थीं. इस बार का ड्रेस कोड “फैशन इज़ आर्ट” था. भारतीय हस्तियों में ईशा अंबानी, अनन्या बिरला और फिल्म निर्माता-निर्देशक करण जौहर जैसे लोग शामिल हुए थे, जिनके लुक ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोरीं. आइये जानते हैं, इनके लुक की क्या खासियत थी!
ईशा अंबानी
ईशा अंबानी ने मेट गाला 2026 में भारतीय संस्कृति और फैशन का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया. उन्होंने फैशन जगत की सबसे बड़ी रात में डिजाइनर गौरव गुप्ता द्वारा डिजाइन की गई एक विशेष साड़ी पहनी थी, जिसमें हाथ से चित्रित पिछवाई से प्रेरित रूपांकन और एक मूर्तिकलात्मक केप शामिल थे, जो गुप्ता का सिग्नेचर एलिमेंट है. यह साड़ी रिलायंस रिटेल द्वारा शुरू किए गए कारीगरों के विशेष खुदरा ब्रांड स्वदेश के कारीगरों द्वारा शुद्ध सोने के धागों से बुनी गई थी.
करण जौहर
करण जौहर ने मेट गाला 2026 में अपने डेब्यू के अवसर पर ‘फ्रेम्ड इन एटर्निटी’ नाम के आउटफिट में रेड कार्पेट पर अपने कदम रखे. इस ऑउटफिट को मनीष मल्होत्रा द्वारा डिजाइन किया गया था. ‘फैशन इज आर्ट’ की थीम पर आधारित इस आउटफिट ने राजा रवि वर्मा की रचनाओं को एक जीवंत, पहनने योग्य टेपेस्ट्री में बदल दिया. इस लुक में एक पावर-शोल्डर वाली एक विंटेज जैकेट भी शामिल थी, जिसे लगभग छह फीट लंबी हाथ से पेंट की गई केप के ऊपर पहना गया था. इस जैकेट को 85 दिनों में 80 से अधिक कारीगरों ने तैयार किया था. एका लखानी द्वारा स्टाइल किए गए इस आउटफिट में राजा रवि वर्मा की प्रतिष्ठित कृतियों, जैसे कि लेडी विद द पीच, हम्सा दमयंती, कादंबरी, अर्जुन और सुभद्रा, और देयर कम्स पापा से प्रेरणा ली गई थी.
अनन्या बिरला
रिया कपूर द्वारा स्टाइल किया गया और रॉबर्ट वुन द्वारा डिज़ाइन किया गया उनका यह कॉउचर लुक, टेलर-फिट ब्लेज़र-स्टाइल बॉडीज़ पर केंद्रित था, जो कमर पर कसा हुआ था और फिर नीचे की ओर फैलते हुए एक विशाल, प्लीटेड, फ्लोर-लेंथ चमकदार स्कर्ट में तब्दील हो रहा था, जिसमें कॉलर और कफ पर हल्के नीले रंग का कपड़ा लगा हुआ था. बिरला के लुक की सबसे खास बात थी उनका स्टेनलेस स्टील का मुखौटा, जिसे भारतीय समकालीन कलाकार सुबोध गुप्ता ने बनाया था.
मनीष मल्होत्रा
इस पोशाक पर मुंबई की मशहूर जगहों को दर्शाया गया है, जैसे कि छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, गेटवे ऑफ़ इंडिया, और ऐसी ही अन्य जगहें. इस परिधान में कढ़ाई के कई रूप देखने को मिलते हैं जैसेकि ज़रदोज़ी, चिकनकारी और कसब, जिन्हें सफ़ेद और हाथी-दाँत जैसे रंगों में उकेरा गया है.
सुधा रेड्डी
हैदराबाद की उद्यमी सुधा रेड्डी ने वार्षिक धन संग्रह कार्यक्रम की थीम, 'कॉस्ट्यूम आर्ट' को चुना और फोटोग्राफरों को एक ऐसा नजारा पेश किया जिसे वे आने वाले वर्षों तक याद रखेंगे. मनीष मल्होत्रा द्वारा डिजाइन किया गया उनका पहनावा ही नहीं, बल्कि उनका करोड़ों डॉलर का हार भी सबका ध्यान खींचने में कामयाब रहा. पीपुल पत्रिका के अनुसार, यह हार उनके निजी संग्रह का हिस्सा था और इसकी कीमत 15 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 142.8 करोड़ रुपये) थी.
नताशा पूनावाला
वाइट कलर की हाई-टेक जिप्सम और हल्के रेजिन से बनी ऑर्किड को उन्होंने अपनी छाती पर पहना था, जिसकी पंखुड़ियाँ उनके आगे और पीछे खिली हुई थीं. उन्होंने बड़े हीरे के झुमके पहने थे और आउटहाउस ज्वैलरी की क्रिस्टल अंगूठी पहनी थी.