आम खाकर न फेंके छिलके, त्वचा से लेकर घर के कामों तक में आ सकते हैं काम, ऐसे करें इस्तेमाल
Mango Peel Benefits: गर्मियों के मौसम में आम खाना लोगों को बहुत पसंद होता है. अक्सर लोग आम खाकर गुठलियां और छिलके फेंक देते हैं लेकिन क्या आप जानते हैं कि आम की गुठली और छिलके भी फायदेमंद होते हैं. आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि आम के छिलके काफी फायदेमंद होते हैं. इनमें कई ऐसे पोषक तत्व होते हैं जो सेहत, त्वचा और घर के कई कामों में उपयोगी साबित हो सकते हैं. रिपोर्ट्स की मानें, तो आम के छिलकों में फाइबर, विटामिन C, विटामिन E, एंटीऑक्सीडेंट्स, फेनोलिक कंपाउंड्स और कैरोटीनॉयड जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं. यही वजह है कि इन्हें बेकार समझकर फेंकने के बजाय दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है.
त्वचा के लिए फायदेमंद
आम के छिलकों में मौजूद विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट्स त्वचा को हेल्दी और चमकदार बनाए रखने में मदद कर सकते हैं. ये दाग-धब्बों को हल्का करने और स्किन को फ्री-रेडिकल्स से बचाने में भी सहायक हो सकते हैं.
प्राकृतिक खाद की तरह करें इस्तेमाल
आम के छिलकों में पोटैशियम और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं. इन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर पौधों की मिट्टी में दबा दें. समय के साथ ये सड़कर प्राकृतिक खाद का काम करेंगे.
घर पर बनाएं मैंगो विनेगर
एक कांच के जार में आम के छिलके, पानी, थोड़ी चीनी और थोड़ा सिरका डालें. इसे 1-2 सप्ताह तक ढककर रखें ताकि यह फर्मेंट हो जाए. तैयार विनेगर का इस्तेमाल सलाद ड्रेसिंग या दूसरी रेसिपीज में किया जा सकता है.
खाने की चीजों में करें इस्तेमाल
आम के छिलकों का पाउडर बेकरी प्रोडक्ट्स, जेली और पास्ता जैसी चीजों में मिलाया जा सकता है. इससे इन खाद्य पदार्थों में फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स की मात्रा बढ़ सकती है.
कैसे बनाएं आम के छिलके का पाउडर?
सबसे पहले आम से छिलकों को उतार लें और उन्हें अच्छी तरह से धो लें. अब इन्हें एयर फ्रायर, ओवन या हल्की गर्म हवा में पूरी तरह सुखा लें. जब छिलके पूरी तरह सूख जाएं, तो इन्हें मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें. तैयार पाउडर को एयरटाइट डिब्बे में भरकर रखें और जरूरत के अनुसार इस्तेमाल करें.