चाय के साथ खाएं मखाने, ऐसे बनाएं 4 स्वादिष्ट ईवनिंग स्नैक्स, बड़ों से बच्चों तक को आएंगे पसंद
Makhana Evening Snacks: शाम होते ही जब दिनभर की भागदौड़ के बाद थोड़ा सुकून मिलता है, तो अक्सर हल्की भूख भी दस्तक देने लगती है. ऐसे में ज्यादातर लोगों की पहली पसंद चाय होती है और उसके साथ कुछ कुरकुरा खाने का मन करता है. कोई नमकीन का पैकेट खोल लेता है तो कोई पकौड़े या दूसरे तले-भुने स्नैक्स का सहारा लेता है. स्वाद के मामले में ये चीजें भले ही अच्छी लगें लेकिन रोजाना ज्यादा तेल, नमक और कैलोरी वाले स्नैक्स खाना सेहत के लिहाज से सही विकल्प नहीं माना जाता. ऐसे में अगर शाम की चाय के साथ कुछ ऐसा मिल जाए जो कुरकुरा भी हो, स्वादिष्ट भी लगे और शरीर को जरूरी पोषण भी दे, तो इससे बेहतर क्या होगा? मखाना इस जरूरत को काफी हद तक पूरा कर सकता है. हल्का होने के साथ-साथ इससे कई तरह के स्नैक्स तैयार किए जा सकते हैं, जिन्हें बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता.
मखाने में होते हैं ये पोषक तत्व
मखाने में प्रोटीन, फाइबर, कैल्शियम, मैग्नीशियम और एंटीऑक्सीडेंट जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं. यही वजह है कि इसे लंबे समय से हल्के और पौष्टिक स्नैक के तौर पर पसंद किया जाता है. अगर इसे सही तरीके से तैयार किया जाए तो शाम की छोटी-सी भूख के लिए यह एक अच्छा विकल्प बन सकता है.
मसाला रोस्टेड मखाना
शाम को चाय बनाते समय अगर कुछ मिनटों में कुरकुरा स्नैक तैयार करना हो तो मसाला रोस्टेड मखाना सबसे आसान ऑप्शन है. इसके लिए एक पैन में थोड़ी मात्रा में घी या तेल गर्म किया जाता है. इसके बाद मखानों को धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भुना जाता है. जब मखाने कुरकुरे हो जाएं तो इसमें काला नमक, काली मिर्च, लाल मिर्च, चाट मसाला और थोड़ा भुना हुआ जीरा मिलाया जा सकता है. मसालों की खुशबू के साथ तैयार हुआ यह स्नैक चाय के साथ काफी स्वादिष्ट लगता है. खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा मेहनत भी नहीं करनी पड़ती.
झटपट तैयार होगी मखाना चाट
अगर किसी को कुरकुरे स्नैक के साथ थोड़ी चटपटी चीज पसंद है, तो मखाना चाट अच्छा ऑप्शन हो सकती है. इसके लिए सबसे पहले मखानों को अच्छी तरह भून लिया जाता है. इसके बाद फिर इसमें बारीक कटा प्याज, टमाटर, खीरा और हरा धनिया मिलाया जाता है. इसके बाद नींबू का रस, काला नमक और चाट मसाला डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाया जाता है. स्वाद को थोड़ा और खास बनाने के लिए इसमें अनार के दाने भी डाले जा सकते हैं. सब्जियों और मखाने का यह मेल शाम की भूख को स्वाद के साथ शांत करने का आसान तरीका है.
तवे पर बनाएं मखाना टिक्की
शाम के स्नैक में अगर कुछ थोड़ा अलग खाने का मन हो तो मखाने से टिक्की भी तैयार की जा सकती है. इसके लिए उबले हुए आलू और हल्के कुटे मखानों को एक साथ मिलाया जाता है. इसमें बारीक कटी हरी मिर्च, धनिया, अदरक और पसंद के मसाले डाले जाते हैं. मिश्रण तैयार होने के बाद छोटी-छोटी टिक्कियां बनाई जाती हैं. इन्हें ज्यादा तेल में डीप फ्राई करने के बजाय तवे पर थोड़े से तेल के साथ दोनों तरफ से सेंका जा सकता है. बाहर से हल्की कुरकुरी और अंदर से नरम ये टिक्कियां हरी चटनी के साथ परोसी जा सकती हैं.
सब्जियों वाला मखाना कटलेट
मखाने से तैयार होने वाला कटलेट भी शाम की चाय के लिए एक टेस्टी ऑप्शन हो सकता है. इसे बनाने के लिए मखानों को हल्का कूटकर इसमें उबले आलू, गाजर, मटर, हरी मिर्च और हरा धनिया मिलाया जाता है. स्वाद के लिए इसमें जरूरत के मुताबिक मसाले डाले जाते हैं. सारी सामग्री को अच्छी तरह मिलाने के बाद कटलेट का आकार दिया जाता है. इसके बाद इन्हें तवे पर थोड़े से तेल के साथ दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंका जाता है. सब्जियों और मखाने से तैयार यह स्नैक स्वाद के साथ डाइट में कुछ पोषक तत्व जोड़ने का भी एक तरीका हो सकता है.
मखाना बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
मखाने से बने स्नैक्स को हेल्दी बनाए रखने के लिए इन्हें तैयार करने का तरीका भी मायने रखता है. मखानों को हमेशा धीमी या मध्यम आंच पर भूनना बेहतर होता है, ताकि वे अच्छी तरह कुरकुरे हो जाएं और जलें नहीं. मसाला रोस्टेड मखाना बनाते समय बहुत ज्यादा नमक, तेल या मसालों का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए. वहीं टिक्की और कटलेट को डीप फ्राई करने के बजाय तवे पर कम तेल में सेंकना बेहतर विकल्प हो सकता है.