सिर्फ बटलर ही नहीं, इंग्लैंड के 5 खिलाड़ियों से भारत को रहना होगा अलर्ट, अकेले के दम पर पलट सकते हैं मैच
India vs England T20I Series: भारत और इंग्लैंड के बीच 1 जुलाई से 5 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज शुरू होने जा रही है. इस सीरीज में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम आयरलैंड दौर को भुलाकर वापसी करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. वहीं, इंग्लैंड की टीम सेमीफाइनल की हार का बदला लेने के इरादे से भारत के खिलाफ मैदान पर उतरेगी. इस सीरीज में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर होने वाली है. भारतीय टीम को इंग्लैंड के 5 खिलाड़ियों से ज्यादा सावधान रहना होगा, जो अकेले के दम भारत के मुंह से जीत छीन सकते हैं.
हैरी ब्रूक
इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक इस सीरीज में भारत के लिए सबसे बड़ा खतरा हो सकते हैं. उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 पारियों में 29.38 की औसत से 235 रन बनाए. हालांकि भारत के खिलाफ उनका रिकॉर्ड अच्छा नहीं है. उन्होंने टीम इंडिया के खिलाफ 17.80 की औसत से रन बनाए हैं, लेकिन घरेलू मैदान पर ब्रूक औसत बढ़कर 31 हो जाता है.
जोफ्रा आर्चर
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर शानदार फॉर्म में चल रहे हैं. उन्होंने IPL 2026 के 16 मैचों में 25 विकेट चटकाए हैं. 31 साल के जोफ्रा आर्चर 150 किमी प्रति घंटे से ज्यादा रफ्तार से गेंदबाजी करते हैं. ऐसे में टीम इंडिया को आर्चर से सावधान रहना होगा.
फिल साल्ट
इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट पावरप्ले में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में 8 पारियों में 141.89 के स्ट्राइक रेट से 105 रन बनाए हैं. अगर फिल साल्ट को जल्दी आउट नहीं किया जाता है, तो वह टीम इंडिया के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं.
विल जैक्स
इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर विल जैक्स भारत के लिए बड़ी समस्या बन सकते हैं. विल जैक्स आक्रामक बल्लेबाजी करने के साथ ही गेंद से भी विकेट निकालने में माहिर हैं. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में विल जैक्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 बार प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता था. उन्होंने 8 पारियों में 176.56 की स्ट्राइक रेट और 56.50 की औसत से 226 रन बनाए. साथ ही 7 पारियों में 9 विकेट भी लिए.
जॉस बटलर
इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जॉस बटलर के नाम भारत बनाम इंग्लैंड टी20 इंटरनेशनल सीरीज में सबसे ज्यादा रन दर्ज हैं. बटलर ने भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में 25 पारियों में 143.87 के स्ट्राइक रेट से 669 रन बनाए हैं. उनके पास भारत के खिलाफ खेलने का काफी अनुभव है.
भारत के खिलाफ T2OI में इंग्लैंड की स्क्वाड
हैरी ब्रूक (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, सन्नी बेकर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जॉस बटलर, जेम्स कोल्स, जॉर्डन कॉक्स, सैम करन, लियाम डॉसन, विल जैक्स, सादिक महमूद, आदिल रशीद, रेहान अहमद, फिल साल्ट, जोश टंग, ल्यूक वुड.