गाने में एक्ट्रेस को देख दिल हार बैठा क्रिकेटर, युवराज सिंह को बनाया ‘लव गुरु’, फिर यूं शुरू हुई लव स्टोरी
Harbhajan Singh Love Story: भारत के कई क्रिकेटर्स ने बॉलीवुड की हसीनाओं को अपना हमसफर बनाया है. इस खास लिस्ट में भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह भी शामिल हैं, जिन्होंने बॉलीवुड एक्ट्रेस गीता बसरा से शादी रचाई है. मैदान पर अपनी फिरकी में दुनिया के बड़े-बड़े बल्लेबाजों को फंसाने वाले हरभजन सिंह पहली नजर में गीता बसरा पर दिल हार बैठे थे. इसके बाद उन्होंने गीता को मनाने के लिए कई पापड़ बेले. उनकी लव स्टोरी किसी बॉलीवुड फिल्म से कम नहीं है. पढ़ें भज्जी की लव स्टोरी…
पहली नजर में हार बैठे दिल
हरभजन सिंह ने पहली बार गीता बसरा को फिल्म 'द ट्रेन' के सुपरहिट गाने 'वो अजनबी' में देखा था. पहली बार गीता को देखते ही हरभजन सिंह अपना दिल हार बैठे. वह इस कदर गीता बसरा पर फिदा हो गए कि उन्होंने तुरंत उनसे मिलने की ठान ली. हालांकि उस समय हरभजन सिंह लंदन में थे.
युवराज सिंह ने दिलाया नंबर
हरभजन सिंह ने तुरंत युवराज सिंह को लंदन से कॉल करके गीता बसरा के बारे में पूछताछ की. इसके बाद युवराज सिंह ने बॉलीवुड में अपने संपर्कों का इस्तेमाल करके भज्जी को गीता बसरा का नंबर दिलाया.
गीता बसरा ने नहीं दिया भाव!
हरभजन सिंह ने नंबर मिलते ही बॉलीवुड एक्ट्रेस गीता बसरा को मैसेज करके कॉफी डेट के लिए बुलाया. हालांकि गीता बसरा ने उनके मैसेज का कोई जवाब नहीं दिया. इससे हरभजन सिंह थोड़े निराश हो गए थे. इसके कुछ ही समय बाद भारत ने टी20 वर्ल्ड कप का खिताब हासिल किया, जिसके बाद गीता ने खुद हरभजन को फोन करके बधाई दी. फिर उन दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई.
कॉफी के लिए बुलाने में लगे 10 महीने
गीता बसरा को कॉफी पर बुलाने के लिए हरभजन सिंह को कई महीनों तक इंतजार करना पड़ा. IPL 2007 के दौरान गीता ने हरभजन से आईपीएल मैच के टिकट मांगे, लेकिन वह खुद की जगह अपने ड्राइवर और उसके बच्चे को मैच देखने भेज दिया. इसके बदले धन्यवाद बोलने के लिए गीता ने हरभजन के साथ कॉफी पर मिलने के लिए मान गईं. फिर उन दोनों की पहली मुलाकात हुई.
भज्जी के प्रपोजल को गीता ने नकारा!
पहली मुलाकात के बाद हरभजन सिंह और गीता बसरा अच्छे दोस्त बन गए थे. इसके बाद उन दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई. हरभजन सिंह ने जल्दी ही गीता को प्रपोज कर दिया, लेकिन उन्हें रिजेक्शन मिला. गीता ने अपने बॉलीवुड करियर का हवाला देते हुए साफ इनकार कर दिया, लेकिन हरभजन सिंह भी जिद पर अड़ गए थे.
7 साल बाद रचाई शादी
हरभजन सिंह ने गीता को मनाने के लिए अपनी हर कोशिश की. आखिरकार 7 सालों की लंबी डेटिंग के बाद साल 2015 में हरभजन और गीता ने शादी रचा ली.
कौन हैं गीता बसरा?
गीता बसरा एक ब्रिटिश बॉलीवुड एक्ट्रेस हैं. उनका जन्म इंग्लैंड के पोर्ट्समाउथ में हुआ था. बॉलीवुड में गीता ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत फिल्म दिल दिया है (2006) से की थी. इसके बाद फिल्म द ट्रेन ने उन्हें बड़ी पहचान मिली. फिर उन्होंने 'जिला गाजियाबाद' (2013), 'मिस्टर जो बी. कार्वाल्हो' (2014) और 'भैयाजी सुपरहिट' जैसी फिल्मों में काम किया.
हरभजन-गीता की खुशहाल जिंदगी
मौजूदा समय में हरभजन सिंह और गीता बसरा दो बच्चों के माता-पिता हैं. उनकी बेटी का नाम हिनाया हीर प्लाहा है, जबकि बेटे का नाम जोवन वीर सिंह प्लाहा है.