कभी शादियों में गाते थे गाना, पहला ही एल्बम हुआ फ्लॉप, फिर मिला मशहूर रैपर का साथ और बन गये सुपरस्टार, जानिए कौन है वो
Guru Randhawa Birthday: गुरु रंधावा एक जाने-माने गायक, गीतकार और संगीतकार हैं. एक समय ऐसा था, जब वह शादियों में गाना गाते थे. फिर ऐसी किस्मत बदली कि आज वो लोगों के जहन में हैं. उनके गानों पर लोग आज झूमते नजर आते हैं. चलिए जानते हैं उनके बारे में.
गुरु रंधावा का पूरा नाम क्या है?
गुरशरणजोत सिंह रंधावा, जिन्हें आज पूरी दुनिया गुरु रंधावा के नाम से जानती है, का जन्म 30 अगस्त 1991 को पंजाब के गुरदासपुर जिले के नूरपुर गांव में हुआ था. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत गुरदासपुर में छोटे-मोटे स्टेज शो से की.
शादियों में गाते थे गाना
इसके बाद गुरु रंधावा दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने छोटी पार्टियों और शादियों में परफॉर्म करना शुरू किया. दिल्ली में रहते हुए गुरु रंधावा ने अपनी एमबीए की पढ़ाई भी पूरी की. संगीत के क्षेत्र में शुरुआती संघर्ष के दौरान उनकी मुलाकात मशहूर रैपर बोहेमिया से हुई. बोहेमिया उन्हें प्यार से उनके नाम का छोटा रूप 'गुरु' कहकर बुलाते थे. यही नाम आगे चलकर उनकी पहचान बन गया और वह गुरु रंधावा के नाम से मशहूर हो गए.
पहला एल्बम हुआ फ्लॉप
बतौर गायक गुरु रंधावा ने अपने करियर की शुरुआत साल 2012 में की थी. उन्होंने अपना पहला गाना ‘Same Girl’ रिलीज किया, लेकिन यह गाना दर्शकों के बीच खास पहचान बनाने में कामयाब नहीं हो सका और उन्हें शुरुआती दौर में अपेक्षित सफलता नहीं मिली.
मिला मशहूर रैपर का साथ
पहली असफलता के बावजूद गुरु रंधावा ने हार नहीं मानी. इसके बाद उन्होंने ‘छड़ गई’ रिलीज किया और 2013 में अपनी पहली एल्बम ‘Page One’ लॉन्च की, जिसमें उनके भाई ने आर्थिक मदद की. कई गाने रिलीज करने के बावजूद उन्हें बड़ी सफलता नहीं मिली. करीब दो साल के संघर्ष के बाद रैपर बोहेमिया का साथ मिला. दोनों ने मिलकर ‘Patola’ गाना बनाया, जिसने गुरु रंधावा के करियर को नई ऊंचाई दी.
गुरु रंधावा के अफेयर्स
एक्ट्रेस शहनाज गिल और गुरु रंधावा के अफेयर की खबरों ने भी खूब सुर्खियां बटोरी थीं. दोनों के रोमांटिक म्यूजिक वीडियो ‘MoonRise’ में उनकी केमिस्ट्री दर्शकों को काफी पसंद आई थी. इसके बाद गुरु रंधावा शहनाज की फिल्म ‘Thank You for Coming’ की स्क्रीनिंग में पहुंचे, जहां दोनों ने रेड कार्पेट पर साथ पोज भी दिया. इन तस्वीरों के बाद उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं. हालांकि, गुरु रंधावा ने इन अफेयर की खबरों को सिरे से खारिज करते हुए साफ किया था कि दोनों के बीच ऐसा कोई रिश्ता नहीं है.