• Home>
  • Gallery»
  • ‘असली घी’ के चक्कर में कहीं आप भी तो केमिकल नहीं खा रहे? FSSAI की सख्ती के बाद, घर पर ही कीजिए 7 आसान टेस्ट से ‘दूध का दूध’ और ‘घी का घी’!

‘असली घी’ के चक्कर में कहीं आप भी तो केमिकल नहीं खा रहे? FSSAI की सख्ती के बाद, घर पर ही कीजिए 7 आसान टेस्ट से ‘दूध का दूध’ और ‘घी का घी’!

How To Check Purity of Ghee: खाने का स्वाद बढ़ाना हो या घर बैठे सेहत ही क्यों न बनानी हो, शुद्ध देसी घी का नाम आते ही मुंह में पानी आ जाता है. लेकिन जरा ठहरिए. हाल ही में भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने मशहूर कंपनी डाबर इंडिया को अपने प्रोडक्ट्स पर ‘100% शुद्धता’ (100% Purity) के दावे वाले लेबल हटाने का निर्देश दिया है. FSSAI का कहना है कि ऐसे दावे भ्रामक और अस्पष्ट होते हैं. इस आदेश के बाद शहद, नारियल तेल और खासकर गाय के घी की प्योरिटी को लेकर मार्केट में बड़ी बहस छिड़ गई है. हालांकि घी पूरी तरह शुद्ध है या नहीं, इसकी पक्की पुष्टि तो केवल लैब टेस्ट से ही हो सकती है, लेकिन कुछ आसान घरेलू तरीकों से आप घटिया मिलावट का अंदाजा जरूर लगा सकते हैं. आइए जानते हैं ऐसे ही 7 आसान तरीके.


By: Kajal Jain | Published: August 4, 2026 3:15:41 PM IST

घी के Texture को गौर से देखें - Photo Gallery
1/7

1. घी के Texture को गौर से देखें

शुद्ध घी की पहचान उसके टेक्सचर या बनावट से काफी हद तक की जा सकती है. कमरे के सामान्य तापमान पर शुद्ध घी आमतौर पर चिकना और दानेदार होता है. यह मौसम के हिसाब से बदल सकता है. अगर आपका घी जरूरत से ज्यादा मोम जैसा, बहुत ज्यादा चिपचिपा या अजीब सा ग्रीसी महसूस हो, तो एक बार सावधान हो जाइए.

हथेलियों का जादुई टेस्ट - Photo Gallery
2/7

2. हथेलियों का जादुई टेस्ट

एक छोटी चम्मच घी अपनी हथेली पर रखिए. असली और शुद्ध घी शरीर की गर्मी पाकर बहुत जल्दी पिघलने लगता है. अगर घी बहुत देर तक ठोस बना रहे या हथेली पर पिघलने के बाद एक चिपचिपी और मोम जैसी परत छोड़ जाए, तो समझ लीजिए कि उसमें बाहर की चर्बी या अन्य फैट्स की मिलावट हो सकती है.

फ्रिज वाला टेस्ट - Photo Gallery
3/7

3. फ्रिज वाला टेस्ट

एक छोटी कटोरी में थोड़ा सा घी लेकर उसे कुछ घंटों के लिए फ्रिज में रख दीजिए. शुद्ध घी आम तौर पर एक समान रूप से जमता है. अगर फ्रिज से निकालने के बाद आपको घी में अलग-अलग परतें या कहीं से ज्यादा और कहीं से कम जमा हुआ हिस्सा दिखाई दे, तो यह इस बात का संकेत हो सकता है कि इसमें दूसरे सस्ते तेलों या फैट्स की मिलावट की गई है.

चम्मच में घी गर्म करके देखें - Photo Gallery
4/7

4. चम्मच में घी गर्म करके देखें

एक पैन में एक चम्मच घी डालकर हल्का गर्म करें. शुद्ध घी एक समान रूप से पिघलता है तथा बिना किसी भारी झाग या छप-छप के सुनहरे रंग का हो जाता है. अगर घी गर्म करते वक्त बहुत ज्यादा धुआं छोड़े, अजीब तरह के बुलबुले बनाए या पैन में अजीब सा अवशेष छोड़ दे, तो समझ जाइए कि दाल में कुछ काला है.

क्या घी का रंग बता सकता है सच्चाई? - Photo Gallery
5/7

5. क्या घी का रंग बता सकता है सच्चाई?

अक्सर लोग सोचते हैं कि जितना ज्यादा चमकीला पीला घी होगा, वह उतना ही शुद्ध होगा. लेकिन यह एक बहुत बड़ा भ्रम है. घी का रंग गाय के खान-पान और उसकी नस्ल पर स्वाभाविक रूप से निर्भर करता है. शुद्ध गाय का घी हल्के पीले रंग से लेकर गहरे सुनहरे रंग तक का हो सकता है.

स्टार्च की मिलावट पकड़ने के लिए आयोडिन टेस्ट - Photo Gallery
6/7

6. स्टार्च की मिलावट पकड़ने के लिए आयोडिन टेस्ट

एक चम्मच घी में थोड़ा सा पानी मिलाएं और उसमें 1 से 2 बूंद आयोडीन की डाल दें. अगर घी का रंग बदलकर नीला हो जाता है, तो समझ लीजिए कि उसमें स्टार्च की मिलावट है. और अगर रंग में कोई बदलाव नहीं होता है, तो घी के शुद्ध होने की संभावना काफी ज्यादा है.

घी के पिघलने की रफ्तार को परखें - Photo Gallery
7/7

7. घी के पिघलने की रफ्तार को परखें

शुद्ध घी कमरे के तापमान पर बहुत आसानी से और जल्दी पिघल जाता है, खासकर गर्मियों के मौसम में. अगर आपका घी सामान्य तापमान पर भी बहुत ज्यादा कड़ा या सख्त बना रहता है और आसानी से नहीं पिघलता, तो इस बात की पूरी आशंका है कि उसमें वनस्पति घी या अन्य कठोर फैट्स मिलाए गए हैं.