मॉडलिंग से करियर की शुरुआत, बॉलीवुड से हॉलीवुड तक कमाया नाम, बिना गॉड फादर अमायरा दस्तूर ने तय किया लंबा सफर
Amyra Dastoor Birthday: बॉलीवुड एक्ट्रेस अमायरा दस्तूर 7 मई को अपना 33वां जन्मदिन मना रही हैं. अमायरा का नाम उन एक्टर्स की लिस्ट में शामिल है, जिन्होंने इंडस्ट्री में बिना किसी गॉडफादर के खास जगह बनाई. वे किसी एक्टिंग बैकग्राउंड से नहीं आतीं. इसके बावजूद उन्होंने साउथ से लेकर बॉलीवुड और हॉलीवुड तक का सफर तय किया और काफी नाम कमाया.
अमायरा की शुरुआती पढ़ाई
अमायरा का जन्म 7 मई 1993 को मुंबई में हुआ था. उनकी शुरुआती पढ़ाई कैथेड्रल एंड जॉन कॉनन स्कूल से हुई. उन्होंने आगे की पढ़ाई धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल से की. एच.आर. कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड इकोनॉमिक्स से अपना ग्रेजुएशन किया.
16 साल की उम्र में शुरू की मॉडलिंग
अमायरा दस्तूर का बचपन से ही एक्टिंग की तरफ झुकाव था. वे 16 साल की उम्र में ही ग्लैमर की दुनिया में आ गई थीं. उन्होंने स्कूली दिनों में ही मॉडलिंग करनी शुरू कर दी थी.
2013 में एक्टिंग करियर की शुरुआत
मॉडलिंग में पहचान बनाने के बाद साल 2013 में उन्होंने इश्क फिल्म से अपने करियर की शुरुआत की. हालांकि वो फिल्म फ्लॉप हो गई और लोगों के बीच अपनी जगह नहीं बना पाई.
साउथ फिल्मों में डेब्यू
इसके बाद उन्होंने साउथ सिनेमा का रुख किया और तमिल फिल्म 'अनेगन' से डेब्यू किया. 2017 में उन्होंने जैकी चेन की फिल्म 'कुंग फू योगा' में काम किया और इस फिल्म के साथ उन्होंने काफी नाम कमाया.
इन फिल्मों में किया काम
अमायरा ने अब तक अपने करियर में कई बेहतरीन फिल्में दी हैं. उन्होंने 'जजमेंटल है क्या', 'डेंजरस', 'एन मुरुगन', 'राजा द ग्रेट' जैसी तमाम फिल्मों में काम किया है. इसके अलावा वे पंजाबी फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं.
इन सीरीज में काम कर चुकीं अमायरा
साथ ही अमायरा 'तांडव' और 'बंबई मेरी जान' जैसी वेब सीरीज में भी काम कर चुकी हैं. वे लास्ट बार पंजाबी फिल्म 'फुर्तीला' में नजर आई थीं. अमायरा के फैंस उनकी एक्टिंग के साथ ही उनकी खूबसूरती को भी काफी पसंद करते हैं.