Friendship Day: भारतीय क्रिकेट की 5 मशहूर जोड़ियां, जिनकी दोस्ती के आगे जय-वीरू भी पड़ जाएं फीके
Friendship Day 2026: दुनिया में सबसे खूबसूरत रिश्तों में पारिवारिक संबंधों के बाद दोस्ती के रिश्ते को सबसे अच्छा माना जाता है. क्रिकेट के मैदान पर खिलाड़ी सिर्फ पार्टनरशिप नहीं, बल्कि अच्छे दोस्त भी बनाते हैं. आज 2 अगस्त यानी रविवार के दिन पूरे देश में फ्रेंडशिप डे मनाया जा रहा है. इस मौके पर आज हम आपको भारतीय क्रिकेट की 5 ऐसी जोड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनकी दोस्ती किसी पहचान की मोहताज नहीं है. उनके बीच एक-दूसरे के लिए बहुत प्यार और सम्मान होता है. वे दोनों एक-दूसरे को अच्छे से समझते हैं. जानें कौन हैं वो जिगरी यार…
सचिन तेंदुलकर और विनोद कांबली
सचिन तेंदुलकर और विनोद कांबली की दोस्ती भारतीय क्रिकेट की सबसे मशहूर जोड़ियों में गिनी जाती है. वे दोनों बचपन से ही एक-साथ खेलते हुए बड़े हुए. उन दोनों ने एक ही स्कूल में पढ़ाई की और कोच रमाकांत आचरेकर के मार्गदर्शन में क्रिकेट सीखा. स्कूल क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर और विनोद कांबली के बीच 664 रनों की ऐतिहासिक साझेदारी को आज भी याद किया जाता है. सचिन तेंदुलकर अपने दोस्त विनोद कांबली के जीवन में आए उतार-चढ़ाव के दौरान हमेशा उनके साथ खड़े रहे.
रोहित शर्मा और विराट कोहली
रोहित शर्मा और विराट कोहली की जोड़ी क्रिकेट इतिहास की सबसे मजबूत दोस्ती मानी जाती है. ये दोनों खिलाड़ी 15 सालों से भारतीय क्रिकेट टीम का अहम हिस्सा हैं. उन दोनों ने मिलकर भारत को बहुत से मुकाबले जिताए हैं. रोहित और कोहली के बीच मैदान के बाहर और अंदर प्यार और सम्मान का गहरा रिश्ता है. वे दोनों एक-दूसरे के पर्सनल माइलस्टोन को अपने रिकॉर्ड्स की तरह सेलिब्रेट करते हैं. उनकी दोस्ती इतनी गहरी है कि प्यार से फैंस उन्हें रो-को बुलाते हैं.
एमएस धोनी और सुरेश रैना
इस लिस्ट में महेंद्र सिंह धोनी और सुरेश रैना की जोड़ी भी शामिल है. उन दोनों ने टीम इंडिया से लेकर आईपीएल में कई सालों तक एक ही टीम के लिए खेला. उन दोनों के बीच मैदान पर जितनी अच्छी दोस्ती है, उतनी ही शानदार दोस्ती असल जिंदगी में भी है. यही वजह है कि जब 2020 में धोनी से इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया, तो रैना भी ने कुछ ही समय बाद अपने रिटायरमेंट का एलान कर दिया. उनकी दोस्ती के चर्चे पूरी दुनिया में मशहूर है. फैंस धोनी को प्यार से थाला कहते हैं, जबकि सुरेश रैना को चिन्ना थाला के नाम से जाना जाता है.
कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल
कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल की दोस्ती भारतीय क्रिकेट की सबसे चर्चित दोस्तियों में गिनी जाती है. उन दोनों टीम इंडिया के लिए कई साल तक स्पिन गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभाली. उनकी दोस्ती इतनी मशहूर है कि फैंस उन्हें प्यार से 'कुलचा' (KulCha) कहकर बुलाते हैं. इन दोनों गेंदबाजों ने कई मैचों में विरोधी बल्लेबाजों को अपनी फिरकी में फंसाया, जबकि मैदान के बाहर उनकी मस्ती, एक-दूसरे की टांग खींचना और मजेदार वीडियो खूब वायरल होते हैं.
केएल राहुल और हार्दिक पांड्या
केएल राहुल और हार्दिक पांड्या की दोस्ती भी भारतीय क्रिकेट में काफी मशहूर है. उनकी दोस्ती टीम इंडिया से लेकर आईपीएल तक हर जगह देखने को मिलती है. उन दोनों को कई बार एक-दूसरे के साथ छुट्टियां मनाते, फैमिली फंक्शन में शामिल होते और सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर करते देखा गया है. इतना ही नहीं, जब दरअसल, साल 2019 में हार्दिक पांड्या-केएल राहुल ने कॉफी विद करन में विवादित टिप्पणी के चलते आलोचनाओं का सामना करना पड़ा, तो भी उन्होंने अपनी दोस्ती पर आंच नहीं आने दी. यही वजह है कि वे दोनों आज भी बहुत अच्छे दोस्त हैं.