भारत में मशहूर हैं ये पांच तरीके की कढ़ी, बिहारी, गुजराती, सिंधी समेत इन राज्यों का स्वाद भी अलग, जानें अंतर
5 Types of Kadhi: गर्मियों के मौसम में लोगों को कढ़ी चावल खाना काफी पसंद होता है. ये दही और बेसन से बनती है, जिसे लोग बड़े चाव से खाते हैं. ये पेट के पाचन के लिए अच्छी मानी जाती है. कढ़ी लगभग हर राज्य में बनाई जाती है लेकिन क्या आप जानते हैं कि अलग-अलग राज्यों की कढ़ी का स्वाद काफी अलग होता है. हर राज्य की कढ़ी का स्वाद भी अनोखा होता है. कुछ जगहों पर पकौड़ी डालकर कढ़ी बनाई जाती है, तो कुछ जगहों पर सब्जी और इमली डाली जाती है. आइए जानते हैं कुछ राज्यों की कढ़ी के बारे में…
बिहारी कढ़ी की खासियत
बिहारी कढ़ी काफी स्वादिष्ट होती है. बेसन से बनने वाली इस कढ़ी में मुलायम और स्पंजी बड़ी डाले जाते हैं. इसके बाद इसमें सरसों के तेल का तड़का लगाया जाता है. इसे गरम-गरम चावलों के साथ खाना पसंद किया जाता है.
सिंधी कढ़ी का स्वाद
सिंधी कढ़ी का स्वाद काफी अलग होता है. इस कढ़ी में दही नहीं, बल्कि इमली का इस्तेमाल किया जाता है. इसमें भिंडी, आलू और गाजर जैसी सब्जियां डालकर पकाया जाता है. इससे ये स्वादिष्ट होने के साथ ही हेल्दी भी हो जाती है.
गुजराती कढ़ी का स्वाद कैसा है?
गुजराती खाने का स्वाद अक्सर खट्टा-मीठा होता है. ये कढ़ी भी हल्की खट्टी और मीठी होती है. इसमें बेसन और दही के साथ चीनी, अदरक और हरी मिर्च डाली जाती है. इसे चावल, खिचड़ी या रोटी के साथ खाया जाता है.
पंजाबी कढ़ी की खासियत
पंजाबी कढ़ी खट्टी और तीखी होती है. इसमें प्याज या दूसरी सब्जियों के पकौड़े डाले जाते हैं. इसे भी दही और बेसन मिलाकर बनाया जाता है. इसे हल्की आंच पर गाढ़ा होने तक पकाया जाता है. इसे गरमा-गरम चावल के साथ परोसा जाता है.
बाजरे की रोटी के साथ खाएं राजस्थानी कढ़ी
राजस्थानी कढ़ी भी काफी स्वादिष्ट होती है. ये दही, बेसन और मसालों के साथ तैयार की जाती है. इसमें कोई पकौड़ी आदि नहीं डाली जाती. केवल बेसन दही से तैयार किया जाता है और इसमें ऊपर से तड़का लगाया जाता है. इसे बाजरे की रोटी या चावलों के साथ खाना पसंद किया जाता है.