एक्टिंग, सिंगिंग और बिजनेस- सब में हिट हैं दुलकर सलमान, स्कूल की जूनियर पर हार बैठे दिल; फिल्मी है ‘दिग्गज सुपरस्टार के बेटे’ की लव स्टोरी!
आज साउथ सिनेमा के चमकते सितारे और देश के सबसे हैंडसम एक्टर्स में गिने जाने वाले दुलकर सलमान अपना 39वां जन्मदिन मना रहे हैं. 28 जुलाई 1986 को जन्मे दुलकर ने अपनी बेहतरीन एक्टिंग और डैशिंग अंदाज से न सिर्फ मलयालम और तमिल बल्कि पूरे देश के दर्शकों के दिलों में एक खास जगह बनाई है. बॉलीवुड की फिल्म ‘कारवां’ से हिंदी दर्शकों का दिल जीतने वाले दुलकर भले ही किसी ट्रेडिशनल पैन-इंडिया फिल्म का हिस्सा न रहे हों, लेकिन उनकी फैन फॉलोइंग किसी पैन-इंडिया स्टार से कम नहीं है. जब भी वे पर्दे पर आते हैं, इंटरनेट पर तहलका मच जाता है. दुलकर सलमान, एक बड़े मेगास्टार और दिग्गज अभिनेता ममूटी के बेटे हैं. फिल्मों में आने से पहले ही उन्होंने साल 2011 में अमाल सूफिया से शादी कर ली थी, जिनकी प्रेम कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है. स्कूल के दिनों की पहचान से लेकर जीवनसाथी बनने तक का यह सफर बेहद खूबसूरत है. उनके जन्मदिन के मौके पर पर जानते हैं दुलकर सलमान की लव लाइफ और फिल्मी जर्नी से जुड़ी दिलचस्प बातें-
स्कूल के दिनों से थी पहचान
पॉडकास्ट में एक बातचीत के दौरान दुलकर ने खुद बताया था कि वे और अमाल एक ही स्कूल में पढ़ते थे, हालांकि अमाल उनसे पांच साल छोटी थीं. उस वक्त दोनों के बीच ऐसा कोई रोमांटिक कनेक्शन नहीं था. बाद में अमेरिका से अपनी पढ़ाई पूरी करके जब दुलकर भारत लौटे, तो परिवार की तरफ से उन पर शादी का दबाव बढ़ने लगा. वे कई लड़कियों से मिले भी, लेकिन उन्हें लड़कियों को रिजेक्ट करने का विचार बिल्कुल पसंद नहीं आया. तभी उनकी जिंदगी में एक फिल्मी मोड़ आया.
कॉफी डेट ने बदल दी किस्मत
लाइफ पार्टनर की तलाश जारी थी. तब दिलकर के दोस्तों ने अमाल सूफिया का नाम सजेस्ट किया और इसके तुरंत बाद दुलकर की मीटिंग चेन्नई में कई बार सूफिया से हुई. इसे किस्मत का इशारा मानते हुए उन्होंने फेसबुक के जरिए अमाल से संपर्क किया. थोड़ी झिझक के बाद अमाल कॉफी पीने के लिए राजी हो गईं और यहीं से उनकी लव स्टोरी शुरू हुई. दोनों ने पुडुचेरी की फर्स्ट लॉन्ग ड्राइव एंजॉय की. करीब 2 घंटे की बातचीत वाले वो खास पल हमेशा के लिए यादगार बन गए.
परिवार की रजामंदी से बांधी दिल की डोर
अपने प्यार पर पूरी तरह से भरोसा और श्योर होने के बाद, दुलकर ने अपने माता-पिता से साफ कहा कि वे अरेंज मैरिज नहीं करना चाहते. उन्होंने बताया कि वे स्कूल के दिनों की एक लड़की को पसंद करते हैं और चाहते हैं कि परिवार वाले उसके घर बात करें. दोनों परिवारों के आशीर्वाद से 22 दिसंबर 2011 को चेन्नई में उनकी धूमधाम से शादी हो गई.
लकी चार्म साबित हुईं अमाल
शादी के तुरंत बाद ही दुलकर ने फिल्म 'सेकंड शो' और 'उस्ताद होटल' से अपने फिल्मी सफर की शुरुआत की. वे अक्सर अमाल को अपना लकी चार्म मानते हैं और कहते हैं कि उनके जीवन में आने के बाद ही उनके करियर का ग्राफ तेजी से ऊपर उठा. साल 2017 में इस प्यारे जोड़े के घर बेटी मरियम अमीरा का जन्म हुआ.
एक्टिंग के साथ-साथ शुरू किए बिजनेस
फिल्मी दुनिया में कदम रखने से पहले दुलकर एक सक्सेसफुल बिजनेसमैन थे. उन्होंने पर्ड्यू यूनिवर्सिटी (Purdue University) से बिजनेस मैनेजमेंट में डिग्री हासिल की है. वे बेंगलुरु में एक मैटरनिटी अस्पताल के डायरेक्टर रह चुके हैं और कारों की ट्रेडिंग से जुड़ा एक वेब पोर्टल भी चलाते थे. साल 2016 में उन्हें सबसे प्रभावशाली युवा भारतीयों में भी गिना गया था.
सबसे चहेते और मोस्ट डिजायरेबल मैन
दुलकर सलमान अपनी कातिलाना मुस्कान और डैशिंग लुक्स से हमेशा फैंस का दिल चुरा लेते हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वे केरल के इकलौते ऐसे एक्टर हैं जिन्हें देश के सबसे पसंदीदा और 'मोस्ट डिजायरेबल मेन' की लिस्ट में जगह मिली है. साल 2014 में चेन्नई के सबसे आकर्षक पुरुषों की सूची में वे सातवें स्थान पर थे.
एक्टिंग के साथ-साथ गायकी में आजमाया हुनर
दुलकर सिर्फ पर्दे पर ही अपनी अदाकारी का जलवा नहीं बिखेरते, बल्कि वे एक बेहतरीन गायक भी हैं. उन्होंने अपनी फिल्मों के लिए मलयालम भाषा में तीन गाने गाए हैं- जॉनी मोने जॉनी, नंजन पोनेनट्टू और चुंदरी पेन्ने. इसके अलावा उन्होंने अपनी एक तमिल फिल्म के लिए अच्छामिल्लाई गाना भी रिकॉर्ड किया है.
मुंबई में एक्टिंग सीखने के बाद सिनेमा में एंट्री
जब दुलकर अपनी बोरिंग और स्टेबल लाइफस्टाइल से तंग आ गए तो लाइफ में कुछ चेंज करने की चाहत के साथ उन्होंने एक्टिंग की दुनिया में आने का फैसला किया. मुंबई में तीन महीने तक एक्टिंग की बारीकियां सीखीं, फिर फिल्मों का रुख किया. अपने 11 साल के करियर में वे लगभग 25 अवॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं, जिसमें फेमस केरल स्टेट फिल्म अवॉर्ड भी शामिल है.
वर्कफ्रंट पर मचा रहे धमाल
फिलहाल दुलकर सलमान अपने प्रोडक्शन वेंचर 'लोका' (Lokah) की शानदार सफलता का आनंद ले रहे हैं, जिसमें कल्याणी प्रियदर्शन लीड रोल में हैं. अपनी शानदार एक्टिंग, कूल अंदाज और बिजनेस के हुनर से दुलकर आज के युवाओं के लिए एक बड़ा सोर्स ऑफ मोटिवेशन बन चुके हैं.