ब्रैडमैन के वो 5 महारिकॉर्ड, जो उन्हें बनाते हैं क्रिकेट का ‘डॉन’, आज तक कोई बल्लेबाज नहीं तोड़ पाया!
Don Bradman 5 Unbreakable Record: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर सर डोनाल्ड ब्रैडमैन को दुनिया का सबसे महान बल्लेबाज माना जाता है. जब ब्रैडमैन मैदान पर बल्लेबाजी करते थे, तो दुनिया के बड़े-बड़े गेंदबाजों के पसीने छूट जाते थे. किसी भी गेंदबाज के लिए ब्रैडमैन को रोकना बेहद मुश्किल होता था. उनकी खतरनाक बल्लेबाज की वजह से ही उनका नाम ‘द डॉन’ पड़ गया. इसके बाद पूरी दुनिया में उन्हें डॉन ब्रैडमैन के नाम से जाना जाने लगा. डॉन ब्रैडमैन ने अपने इंटरनेशनल करियर में सिर्फ 52 टेस्ट मैच खेले. उन्होंने साल 1928 में डेब्यू किया था, जबकि आखिरी मैच 1948 में खेला था. इस दौरान डॉन ब्रैडमैन ने कई ऐसे रिकॉर्ड बनाए, जो तोड़ पाना किसी भी बल्लेबाज के लिए नामुमकिन जैसा है.
टेस्ट में सबसे ज्यादा औसत
डॉन ब्रैडमैन ने अपने करियर में 52 टेस्ट मैच खेले, जिसमें 6,996 रन बनाए. इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 99.94 का रहा, जो टेस्ट इतिहास में सबसे ज्यादा है. आज तक कोई भी बल्लेबाज उनके इस रिकॉर्ड को तोड़ नहीं पाया है. ऑलओवर टेस्ट इतिहास की बात करें, तो ऑस्ट्रेलिया के एडम वोग्स इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं. उनका टेस्ट में बल्लेबाजी औसत 61.87 का रहा है, जबकि उन्होंने सिर्फ 1,485 रन बनाए हैं.
टेस्ट में सबसे ज्यादा दोहरे शतक
डॉन ब्रैडमैन के नाम आज भी टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है. उन्होंने अपने टेस्ट करियर में कुल 12 दोहरे शतक लगाए थे. इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर श्रीलंकाई दिग्गज कुमार संगकारा हैं, जिनके नाम 11 दोहरे शतक दर्ज हैं.
एक दिन में 300 रन
साल 1930 में डॉन ब्रैडमैन ने इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स में एक ही दिन में 309 रन बना दिए थे. उनका ये रिकॉर्ड आज तक कोई बल्लेबाज नहीं तोड़ पाया है. कोई भी बल्लेबाज अभी तक टेस्ट क्रिकेट में एक ही दिन में 300 रन का आंकड़ा नहीं छू पाया है.
एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन
एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी ब्रैडमैन के नाम दर्ज है. उन्होंने साल 1930 की एशेज सीरीज में 7 पारियों में 139.14 की औसत से 974 रन बनाए. इसमें उनके बल्ले से 4 शतक आए थे. उनके अलावा अभी तक सिर्फ इंग्लैंड के महान बल्लेबाज वैली हैमंड ही 5 मैचों की सीरीज में 900 से ज्यादा रन बना पाए थे.
फिफ्टी से शतक में कन्वर्जन रेट सबसे ज्यादा
सर डॉन ब्रैडमैन का टेस्ट मैचों में अर्धशतक से शतक का कन्वर्जन रेट सबसे ज्यादा 69.05 फीसदी है. उन्होंने टेस्ट में 42 बार 50 रन का आंकड़ा पार किया, जिसमें से 29 मौकों पर उसे शतक में बदला है. टेस्ट मैचों में कम से कम 5000 रन बनाने वाले बल्लेबाजों में पूर्व भारतीय खिलाड़ी मोहम्मद अजहरुद्दीन का कन्वर्जन रेट 51.16 फीसदी रहा है, जो इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं.