दिल्ली से पटना अब दूर नहीं! बुलेट ट्रेन से 12 घंटे का सफर सिमटेगा 4.5 घटों में; 6 शहरों का बना रूट
Delhi Patna Bullet Train Route: दिल्ली से यूपी और बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए बुलेट ट्रेन बड़ा बदलाव ला सकती है. प्रस्तावित दिल्ली-आगरा-कानपुर-लखनऊ-प्रयागराज-वाराणसी-पटना हाईस्पीड रेल कॉरिडोर करीब 1,170 किमी का सफर महज 4 घंटे 30 मिनट में पूरा करने का लक्ष्य रखता है. खासकर दीवाली और छठ के दौरान घर जाने वालों के लिए यह भविष्य की बड़ी राहत साबित हो सकती है. इसकी जानकारी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी है.
दिल्ली से इन शहरों तक कितनी तेज होगी बुलेट ट्रेन की रफ्तार?
प्रस्तावित कॉरिडोर पर कई बड़े शहर हाईस्पीड नेटवर्क से जुड़ेंगे. अनुमानित यात्रा समय दिल्ली से आगरा करीब 58 मिनट, दिल्ली से कानपुर करीब 1 घंटा 50 मिनट, दिल्ली से लखनऊ करीब 2 घंटे 12 मिनट, दिल्ली से प्रयागराज करीब 3 घंटे, दिल्ली से वाराणसी करीब 3 घंटे 33 मिनट, दिल्ली से पटना करीब 4 घंटे 30 मिनट इस तरह बताया गया है.
बुलेट ट्रेन से त्योहारों में लाखों यात्रियों को मिल सकती है राहत
दीवाली और छठ के समय दिल्ली-NCR से यूपी और बिहार जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ देखने को मिलती है. लंबी दूरी और सीमित सीटों के कारण यात्रियों को कई घंटे सफर करना पड़ता है. हाईस्पीड रेल कॉरिडोर के शुरू होने पर दिल्ली से पटना तक का सफर मौजूदा समय की तुलना में काफी कम हो सकता है.
राजधानी और सुपरफास्ट से कितनी अलग होगी बुलेट ट्रेन?
फिलहाल, दिल्ली-पटना के बीच राजधानी और दूसरी तेज ट्रेनों से यात्रा में करीब 12 घंटे लग सकते हैं. प्रस्तावित बुलेट ट्रेन करीब 4.5 घंटे में यह दूरी तय करने के लिए डिजाइन की जा रही है. यानी लंबी दूरी की यात्रा का समय लगभग आधा से भी कम हो सकता है.
वंदे भारत से भी ज्यादा तेज होगी बुलेट ट्रेन
वंदे भारत एक्सप्रेस को सेमी हाईस्पीड ट्रेन के तौर पर चलाया जाता है, जबकि हाईस्पीड रेल की डिजाइन स्पीड इससे काफी ज्यादा होगी. प्रस्तावित बुलेट ट्रेन कॉरिडोर पर करीब 320 किमी प्रति घंटे की परिचालन गति का लक्ष्य रखा गया है. इससे लंबी दूरी के सफर में बड़ा समय बच सकता है.
मुंबई- अहमदाबाद के बाद बुलेट ट्रेन के लिए दूसरा बड़ा हाईस्पीड कॉरिडोर
भारत में पहली बुलेट ट्रेन परियोजना मुंबई -अहमदाबाद के बीच करीब 508 किमी लंबे हाईस्पीड रेल कॉरिडोर पर काम चल रहा है. इसके बाद दिल्ली से यूपी और बिहार को जोड़ने वाला प्रस्तावित नेटवर्क देश के हाईस्पीड रेल विस्तार में अहम भूमिका निभा सकता है. इससे आगरा, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी और पटना जैसे प्रमुख शहर आपस में तेज कनेक्टिविट से जुड़ेंगे.
सिर्फ सफर नहीं, बुलेट ट्रेन से कारोबार और पर्यटन को भी मिलेगी रफ्तार
दिल्ली-यूपी-बिहार हाईस्पीड कॉरिडोर के साकार होने से यात्रियों के सात व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है. धार्मिक और ऐतिहासिक शहरों तक पहुंच आसान होगी और लंबी दूरी के सफर का समय काफी घट सकता है.