Chirag Paswan Threat: चिराग पासवान को ‘आतंकियों’ से जान से मारने की धमकी; सियासी हलकों में मचा हड़कंप
Chirag Paswan Death Threat: केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान को मंगलवार 1 सितंबर 2026 को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है. खास बात यह है कि धमकी किसी फोन कॉल या सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए नहीं, बल्कि डाक से भेजी गई चिट्ठी में दी गई है. पत्र में जिस तरह के शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, उसने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है.
चिराग पासवान को मिली चिट्ठी में क्या लिखा था?
चिराग पासवान को मिले धमकी भरे पत्र में अंग्रेजी में लिखा था कि You Will be Killed shortly by hardcore terrorists. यानी पत्र में चिराग पासवान की जल्द हत्या किए जाने की धमकी दी गई है.
चिराग पासवान के कार्यालय ने गृह मंत्रालय को दी जानकारी
मामले की गंभीरता से लेते हुए चिराग पासवान के कार्यालय ने केंद्रीय गृह सचिव को पत्र लिखकर पूरी जानकारी दी है. साथ ही उनकी सुरक्षा को लेकर जरूरी कदम उठाने की मांग की गई है.
कौन भेज रहा है चिराग पासवान को धमकी?
फिलहाल धमकी देने वाले की पहचान सामने नहीं आई है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि चिट्ठी कहां से भेजी गई और इसके पीछे किसका हाथ है. धमकी के मकसद की भी जांच की जा रही है.
आरक्षण के मुद्दे पर चर्चा में हैं चिराग पासवान
चिराग पासवान इन दिनों आरक्षण में उप-वर्गीकरण और 'क्रीमी लेयर' के मुद्दे को लेकर भी चर्चा में हैं. इस मुद्दे पर उनका केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के साथ राजनीतिक मतभेद सामने आ चुका है.
चिराग पासवान ने मांझी और बेटे से मांगा था इस्तीफा
चिराग पासवान ने कहा था कि अगर जीतन राम मांझी और उनके बेटे संतोष कुमार सुमन अनुसूचित जाति आरक्षण में 'क्रीमी लेयर' या उप-वर्गीकरण के पक्ष में हैं, तो आरक्षण का लाभ ले चुके होने के कारण उन्हें नैतिक आधार पर अपने मंत्री पद से इस्तीफा देना चाहिए.
चिराग पासवान को मिली धमकी के बाद बढ़ी सुरक्षा की चिंता
केंद्रीय मंत्री को मिली धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं. फिलहाल जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि धमकी महज डर पैदा करने की कोशिश थी या इसके पीछे कोई गंभीर साजिश है.