• Home>
  • Gallery»
  • स्कैम, धोखा और फ्रॉड की ऐसी कहानियां, जो सोचने पर कर देंगी मजबूर, OTT पर जरूर करें विंज वॉच

स्कैम, धोखा और फ्रॉड की ऐसी कहानियां, जो सोचने पर कर देंगी मजबूर, OTT पर जरूर करें विंज वॉच

Cyber Crime Based Web Series: अगर आपको ऐसी वेब सीरीज और फिल्में पसंद हैं, जिनमें हर एपिसोड के साथ सस्पेंस बढ़ता जाए और आखिर तक यह जानने की उत्सुकता बनी रहे कि असली खेल क्या है, तो स्कैम और साइबर फ्रॉड पर बनी ये भारतीय कहानियां आपकी वॉचलिस्ट में जरूर होनी चाहिए. इन शोज में सिर्फ मनोरंजन ही नहीं बल्कि उन अपराधों की भी झलक मिलती है जो आज हमारे आसपास तेजी से बढ़ रहे हैं. हाल ही में रिलीज हुई ‘द पिरामिड स्कीम’ से लेकर ‘जामताड़ा: सबका नंबर आएगा’ तक, ये सीरीज आपको शुरू से आखिर तक बांधे रखती हैं.


By: Deepika Pandey | Published: July 8, 2026 2:04:56 PM IST

द पिरामिड स्कीम - Photo Gallery
1/5

द पिरामिड स्कीम

इस लिस्ट की सबसे नई सीरीज 'द पिरामिड स्कीम' है. इसकी कहानी गोल्डी नाम के एक युवक की है, जो जल्दी अमीर बनने के सपने में एक मल्टी-लेवल मार्केटिंग स्कैम का हिस्सा बन जाता है. शुरुआत में सब कुछ आसान और फायदेमंद लगता है लेकिन धीरे-धीरे ये खेल उसकी और उसके परिवार की जिंदगी को बर्बादी की ओर ले जाता है. सीरीज दिखाती है कि कैसे लालच और झूठे वादे लोगों को बड़े जाल में फंसा देते हैं. इसमें शेखर सुमन, रणवीर शौरी, परमवीर सिंह चीमा, आशीष राघव, अंजन श्रीवास्तव और अल्फिया जाफरी अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं.

जामताड़ा: सबका नंबर आएगा - Photo Gallery
2/5

जामताड़ा: सबका नंबर आएगा

फोन पर आने वाले फ्रॉड कॉल और ओटीपी स्कैम आखिर कैसे चलते हैं, इसे समझना चाहते हैं तो 'जामताड़ा: सबका नंबर आएगा' जरूर देखें. इसके दो सीजन रिलीज हो चुके हैं. ये क्राइम थ्रिलर एक छोटे से कस्बे के कुछ युवाओं की कहानी है, जो फिशिंग स्कैम के जरिए लोगों को ठगते हैं. जैसे-जैसे उनका नेटवर्क बढ़ता है, राजनीति, पुलिस और भ्रष्टाचार की परतें भी खुलती जाती हैं. नेटफ्लिक्स पर मौजूद यह सीरीज साइबर अपराध की दुनिया को बेहद रोचक अंदाज में दिखाती है.

बैड बॉय बिलियनेयर्स: इंडिया - Photo Gallery
3/5

बैड बॉय बिलियनेयर्स: इंडिया

अगर आप सच्ची घटनाओं पर आधारित कंटेंट देखना पसंद करते हैं, तो 'बैड बॉय बिलियनेयर्स: इंडिया' एक बेहतरीन ऑप्शन है. नेटफ्लिक्स की यह डॉक्यू-सीरीज भारत के कुछ चर्चित बिजनेसमैन के उत्थान और पतन की कहानी दिखाती है. असली वीडियो फुटेज, दस्तावेज और इंटरव्यू के जरिए यह बताया गया है कि कैसे कुछ बड़े कारोबारी धोखाधड़ी और वित्तीय घोटालों के आरोपों में घिर गए. यह सीरीज उन हाई-प्रोफाइल मामलों को समझने का मौका देती है, जिन्होंने पूरे देश को हिला दिया था.

चक्रव्यूह - Photo Gallery
4/5

चक्रव्यूह

चक्रव्यूह को एमएक्स प्लेयर पर देखा जा सकता है. ये एक सस्पेंस और थ्रिल से भरपूर सीरीज है. इसकी कहानी डार्क वेब, ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग और साइबर अपराध के खतरनाक नेटवर्क के इर्द-गिर्द घूमती है. इसमें प्रतीक बब्बर इंस्पेक्टर वीरकर के किरदार में नजर आते हैं, जो अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश करते हैं. अगर आपको इन्वेस्टिगेशन और साइबर क्राइम पर आधारित कहानियां पसंद हैं, तो यह सीरीज आपको जरूर पसंद आएगी.

हेलो मिनी 2 - Photo Gallery
5/5

हेलो मिनी 2

'हेलो मिनी 2' सिर्फ एक सस्पेंस थ्रिलर नहीं, बल्कि साइबर अपराध की खतरनाक दुनिया की भी झलक दिखाती है. नोवोनील चक्रवर्ती के उपन्यास पर आधारित इस सीरीज की कहानी एक रहस्यमयी मोबाइल गेम और उससे जुड़े साइबर फ्रॉड के इर्द-गिर्द घूमती है. जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, नए-नए राज खुलते हैं और सस्पेंस लगातार बढ़ता जाता है.