पटरियों पर दौड़ते फाइव-स्टार होटल: भारत की 6 सबसे महंगी और लग्जरी ट्रेनें, जहां एक रात का खर्च है लाखों रुपये!
Luxury Trains in India: भारतीय रेलवे का सफर जितना आसान, सुविधाजनक और आरामदायक होता है, उतना ही खूबसूरत और यादगार भी बन जाता है. यूंतो भारत की जनता लोकल ट्रेन के सफर में भी मोटिवेशन तलाश लेती है लेकिन आद हम आपको भारत की उन लग्जरी ट्रेन ट्रेवल के बारे में बताएंगे जो आपको पुराने महाराजाओं के जमाने की लग्जरी और 5-स्टार हॉस्पिटैलिटी का एक बेहतरीन अहसास कराएगा. साल 2026 तक आते-आते यह शानदार ट्रेन कम और चलते-फिरते होटल के नाम से ज्यादा जाने जाते हैं. इनकी सेवा अब एक नए लेवल पर पहुंच चुकी है. इस ट्रेल में सफर करने वाले यात्रियों को ताजमहल पर शैंपेन ब्रेकफास्ट, रणथंभौर में टाइगर सफारी और यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट्स की प्राइवेट सैर जैसे शानदार एक्सपीरिएंस कराए जाते हैं. ये ट्रेनें देश के सबसे खूबसूरत ट्रेन रूट को कवर करती हैं. फिर चाहे राजस्थान के सुनहरे रेगिस्तान की सैर कर रहे हों या दक्षिण भारत के हरे-भरे बैकवाटर्स का मजा ले रहे हों, ये छह लग्जरी ट्रेनें स्लो ट्रेवल का एक ऐसा नायाब अनुभव देती हैं जिसे भारत में रहने वालों को कम से कम एक बार जरूर जीना चाहिए. आइए ऐसी ही 6 सबसे शानदार और शाही ट्रेनों के बारे में जानते हैं.
6. द रॉयल ओरिएंट ट्रेन
द रॉयल ओरिएंट एक नॉस्टैल्जिक और टीकवुड (सागवान की लकड़ी) से सजी हुई रेल यात्रा देती है, जो मुख्य रूप से गुजरात और राजस्थान की हेरिटेज पर फोकस करती है. यह वाइल्डलाइफ लवर्स के लिए बेस्ट है, क्योंकि इसमें एशियाई शेरों (Asiatic Lion) के आखिरी घर 'गिर नेशनल पार्क' का एक डेडिकेटेड स्टॉप शामिल है. इसका रूट दिल्ली से चित्तौड़गढ़, उदयपुर, जूनागढ़, वेरावल (सोमनाथ), सासन गिर, अहमदाबाद और जयपुर होते हुए वापस दिल्ली आता है. इसका किराया 2,00,000 रुपये से 5,00,000 रुपये के बीच है.
5. रॉयल राजस्थान ऑन व्हील्स
यह मूल 'पैलेस ऑन व्हील्स' का ही एक अपग्रेडेड और ज्यादा मॉडर्न वर्जन है, जिसमें बड़े केबिन और उत्तर भारत की शाही खूबसूरती पर ज्यादा फोकस किया गया है. यह ट्रेन विशेष रूप से वाराणसी के धार्मिक पड़ावों, खजुराहो के प्राचीन मंदिरों और रेगिस्तानी किलों की सैर के लिए जानी जाती है. इसके मुख्य रूट में दिल्ली, जोधपुर, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, सवाई माधोपुर, जयपुर, खजुराहो, वाराणसी और आगरा शामिल हैं. इस शाही ट्रेन का किराया 4,00,000 रुपये से लेकर 9,00,000 रुपये के बीच है.
4. द गोल्डन चैरियट
दक्षिण भारत में चलने वाली यह इकलौती लग्जरी ट्रेन है, जिसका नाम हेंपी के प्रसिद्ध स्टोन चैरियट (पत्थर के रथ) पर रखा गया है. इसके अंदर का डिजाइन मैसूर की होयसाला आर्किटेक्चर से प्रेरित है. इसकी खासियतों में ऑनबोर्ड जिम और स्पा के साथ-साथ मंदिर के शहरों, कॉफी के बागानों और केरल के बैकवाटर्स की क्यूरेटेड सैर शामिल है. इसका 'प्राइड ऑफ कर्नाटक' रूट बेंगलुरु से शुरू होकर नंजनगुडु, मैसूर, हलेबीडु, चिक्कमगलुरु, हेंपी और गोवा होते हुए वापस बेंगलुरु लौटता है. 6 दिनों के इस सफर का किराया लगभग 4,77,500 रुपये है.
3. द डेक्कन ओडिसी
'ब्लू मैजेस्टी' के नाम से मशहूर द डेक्कन ओडिसी लग्जरी का एक मॉडर्न अनुभव देती है. यह मुख्य रूप से पश्चिमी तट और दक्कन के पठार पर फोकस करती है और भारत की सांस्कृतिक विरासत को एक चलती-फिरती गैलरी की तरह दिखाती है. इसमें ऑनबोर्ड स्पा, वेलनेस सेंटर और एक हाई-टेक कॉन्फ्रेंस कार की सुविधा मिलती है. अगर आप एलोरा और अजंता की गुफाओं को शान से देखना चाहते हैं, तो यह सबसे बेस्ट ऑप्शन है. इसका महाराष्ट्र स्पलैंडर रूट मुंबई से शुरू होकर नासिक, एलोरा-अजंता गुफाओं, कोल्हापुर और गोवा होते हुए वापस मुंबई आता है. इसके डीलक्स केबिन का किराया करीब 7,80,000 रुपये से शुरू होता है.
2. पैलेस ऑन व्हील्स
भारत की इस पहली लग्जरी ट्रेन ने मई 2026 में इतिहास रच दिया, जब पिछले 45 सालों में पहली बार रिकॉर्ड तोड़ डिमांड के चलते इसे गर्मियों में भी चलाया गया. इस ट्रेन का हर कोच राजस्थान की अलग-अलग रियासतों से प्रेरित है, जिसे एंटीक फर्नीचर और पारंपरिक सजावट से सजाया गया है. यह हर स्टेशन पर शाही स्वागत और पगड़ी पहने स्टाफ के लिए जानी जाती है. इसका क्लासिक राजस्थान रूट दिल्ली से चलकर जयपुर, उदयपुर, जैसलमेर, जोधपुर, भरतपुर और आगरा से वापस दिल्ली आता है. प्रति व्यक्ति इसका किराया 3,50,000 रुपये से 8,00,000 रुपये के बीच है.
1. महाराजा एक्सप्रेस
इसे दुनिया की सबसे लग्जरी ट्रेन माना जाता है, जिसे भारत के पुराने राजा-महाराजाओं के प्राइवेट कैरिज की तर्ज पर डिजाइन किया गया है. यह उत्तर और मध्य भारत में चार अलग-अलग रूटों पर चलती है. इस ट्रेन में एक पूरा कैरिज राष्ट्रपति सुइट (Presidential Suite) की तरह है, जिसमें दो फाइन-डाइनिंग रेस्टोरेंट (मयूर महल और रंग महल) और हर केबिन के लिए एक प्राइवेट बटलर की सुविधा मिलती है. इसका की रूट मुंबई से शुरू होकर उदयपुर, जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, रणथंभौर और आगरा होते हुए दिल्ली तक जाता है. इसका किराया करीब 4,10,000 रुपये से लेकर 20,95,000 रुपये तक है.