नई दिल्ली: भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर 9 महीने 14 दिन बाद अंतरिक्ष से लौट आए है. दिल्ली नगर निगम का बजट आज पेश होगा, जिसमें सत्तारूढ़ आप और भाजपा में टकराव हो सकता है। उधर जम्मू- कश्मीर में NIA ने घुसपैठ मामले में 10 जगहों पर छापेमारी की है. आइए नज़र डालते हैं आज की 5 बड़ी ख़बरों पर:
भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और उनके साथी बुच विल्मोरअंतरिक्ष में 9 महीने 14 दिन बिताने के बाद पृथ्वी पर लौट आए हैं। उनका ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट भारतीय समयानुसार 19 मार्च को सुबह 3:27 बजे फ्लोरिडा के आइलैंड पर सफलतापूर्वक लैंड हुआ। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से उड़ान भरने के 17 घंटे बाद उनका कैप्सूल पैराशूट की मदद से समुद्र में उतरा।
दिल्ली नगर निगम का 2024-25 का संशोधित और 2025-26 का बजट अनुमान आज पारित किया जाएगा। निगम सदन की विशेष बैठक में नेता सदन मुकेश गोयल इसे पेश करेंगे। हालांकि सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) के पास फिलहाल बहुमत नहीं है, जिससे भारतीय जनता पार्टी (BJP) उसे कड़ी चुनौती दे सकती है। विपक्षी दल विभिन्न प्रस्ताव एवं संशोधन पर मतदान की मांग करके सत्ता पक्ष के प्रस्तावों को गिरा सकता है, जिससे सदन में हंगामा होने के आसार हैं।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने जम्मू-कश्मीर के भटिंडी में घुसपैठ से जुड़े एक मामले में बुधवार सुबह 10 स्थानों पर छापेमारी की। इससे पहले 13 दिसंबर 2024 को भी 19 जगहों पर छापे मारे गए थे। जांच एजेंसी इस मामले में संभावित आतंकी नेटवर्क को बेनकाब करने के लिए सख्त कार्रवाई कर रही है।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू आज दिल्ली में माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स से मुलाकात करेंगे। यह बैठक शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्रों में गेट्स फाउंडेशन के सहयोगपर केंद्रित होगी। उम्मीद की जा रही है कि इस मुलाकात में इन क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। बता दें गेट्स फाउंडेशन दुनिया भर में गरीबी, बीमारी और असमानता के खिलाफ काम करने वाला एक नॉन प्रॉफिट संगठन है।
मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में मंगलवार रात सोशल मीडिया पर एक धार्मिक आपत्तिजनक पोस्ट के कारण तनाव फैल गया। इससे आक्रोशित समुदाय के लोगों ने कोतवाली थाने का घेराव किया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पोस्ट डालने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शहर में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है और सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है।
ये भी पढ़ें: 9 महीने बाद धरती पर लौंटी सुनीता विलियम्स को स्ट्रेचर पर क्यों ले जाना पड़ा, 46 मिनट तक बढ़ी रही धड़कनें!