नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच जंग का माहौल बना हुआ है। इस बीच चंडीगढ़ और अंबाला में शुक्रवार को संभावित हवाई हमले को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। बता दें कि चंडीगढ़ में सेना की वेस्टर्न कमांड स्थित है, वहीं NIA का दफ्तर भी यहां पर मौजूद है। अंबाला में एयरफोर्स का स्टेशन है।
इस बीच तनाव की स्थिति को देखते हुए केंद्र सरकार ने एक अधिसूचना जारी की है। इस अधिसूचना में कहा गया है कि ज़रूरत पड़ने पर सेना प्रमुख टेरिटोरियल आर्मी के अधिकारियों और जवानों को भी बुला सकते हैं। बता दें कि यह TA बल अर्धसैनिक होता है और आवश्यकता होने पर भारतीय सेना की मदद करता है।
इसके साथ ही केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित क्षेत्रों को आदेश दिया है कि वो आपातकालीन अधिकारों का प्रयोग कर सकती हैं।
उधर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार सुबह एक अहम बैठक की। इस दौरान सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी और CDS जनरल अनील चौहान ने उन्हें वर्तमान हालात की जानकारी दी।
गृह मंत्री अमित शाह ने भी BSF और CISF के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की है। उन्होंने भारत-पाक सीमा और एयरपोर्ट्स की सुरक्षा की समीक्षा की। कृषि और स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी अपनी तैयारियों को लेकर कई बैठकें की हैं।
वहीं, LOC पर पाकिस्तान की सेना पिछले तीन दिनों से लगातार फायरिंग कर रही है। इस गोलीबारी में अब तक 17 लोगों की जान गई है, जिनमें 5 बच्चे भी शामिल हैं। इसके साथ ही कई इमारतें और वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।