नई दिल्ली। अडानी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में सुनामी आई हुई है। अमेरिकी रिसर्च फर्म हिंडनबर्ग की रिपोर्ट ने गौतम अडानी के साम्राज्य को हिला कर रख दिया है। हर बीतते दिन उनकी नेटवर्थ घटती जा रही है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक अब गौतम अडानी दुनिया के 20 सबसे अमीर लोगों की सूची से भी बाहर हो गए हैं। अडानी को चीन के अरबपति झोंग शानशान ने पीछे छोड़ दिया है।
61 अरब डॉलर रह गई है संपत्ति
ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक, गौतम अडानी की नेटवर्थ में आई बड़ी गिरावट के चलते अब वे अमीर लोगों की सूची में 21वें पायदान पर पहुंच गए हैं। अब उनकी कुल संपत्ति घटकर 61.3 अरब डॉलर रह गई है। बीते 24 घंटे में अडानी को 10.7 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है।
24 घंटे में 5 पायदान का नुकसान
बता दें कि, गौतम अडानी गुरुवार को 64.7 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ अरबपतियों की लिस्ट में 16वें नंबर पर थे। इसके बाद महज 24 घंटे में ही वे पांच पायदान नीचे खिसककर 21वें स्थान पर पहुंच गए। साल 2022 में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले अरबपति का तमगा हासिल करने वाले अडानी के लिए साल 2023 बेहद खराब साबित हो रहा है। बीते 10 दिनों में ही अडानी ने 52 अरब डॉलर गवां दिए हैं।