Ujjain assault case: उज्जैन महाकाल के दर्शन के लिए आए एक परिवार के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है. गाजियाबाद से आए परिवार ने चौबीस खंभा क्षेत्र के कुछ दुकानदारों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है. घटना बुधवार रात की बताई जा रही है, जिसमें एक बच्चा घायल हो गया. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया है.
दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचा था परिवार
पीड़ित विष्णु मेहरा, जो Ghaziabad के रहने वाले हैं, अपनी पत्नी और बच्चे के साथ 6 मई को बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचे थे. परिवार हरसिद्धि मार्ग स्थित एक होटल में ठहरा हुआ था.
विष्णु मेहरा के अनुसार, बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे शयन आरती के बाद वे होटल लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में एक दुकान से सामान खरीदते समय दुकानदार से किसी बात को लेकर विवाद हो गया.
दुकानदारों पर अभद्रता और मारपीट का आरोप
परिवार का आरोप है कि विवाद के दौरान दुकानदार ने पहले अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया. विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी गई. पीड़ित का कहना है कि दुकानदार के एक साथी ने भी उनके साथ हाथापाई की. विष्णु मेहरा ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने अपनी पत्नी को फोन किया, जो बच्चे के साथ होटल में मौजूद थीं. जब पत्नी और बच्चा नीचे पहुंचे तो आरोप है कि वहां मौजूद कुछ महिलाओं ने भी उनके साथ बदसलूकी की.मारपीट और झड़प के दौरान बच्चे के हाथ में गंभीर चोट लग गई. परिवार के अन्य सदस्यों को भी चोटें आने की बात कही गई है. घटना के बाद मौके पर काफी देर तक हंगामा होता रहा. परिवार का कहना है कि वे दर्शन के उद्देश्य से उज्जैन आए थे, लेकिन उनके साथ हुई इस घटना ने उन्हें मानसिक रूप से परेशान कर दिया.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में लोगों के बीच बहस, आरोप-प्रत्यारोप और हंगामे की स्थिति दिखाई दे रही है. वीडियो में बच्चा रोता हुआ भी नजर आ रहा है, जिससे घटना को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है. पुलिस ने शुरू की जांच घटना के बाद पीड़ित परिवार पुलिस थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने सभी का मेडिकल परीक्षण कराया और आगे के उपचार के लिए उन्हें चरक अस्पताल भेजा. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Disclaimer : The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.