Ujjain Aghori Kali Nand Giri FIR: उज्जैन के चक्रतीर्थ श्मशान से सामने आए एक वायरल वीडियो ने सनसनी मचा दी है. वीडियो में किन्नर अघोरी काली उर्फ नंद गिरि जलती चिता के पास हाथ में तलवार लिए दिखाई देती है और चिता से शव के कथित टुकड़े निकालकर खाने का दावा करती नजर आती है. इतना ही नहीं, वह कथित मांस को बहुत टेस्टी बताती भी सुनाई देती है. वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और अब काली नंद गिरि के खिलाफ FIR दर्ज कर उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है.
वीडियो वायरल होने के बाद दर्ज हुआ केस
मामला उज्जैन के जीवाजीगंज थाना क्षेत्र स्थित चक्रतीर्थ श्मशान का है. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद विष्णु नाथ जी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में वायरल वीडियो का हवाला देते हुए काली नंद गिरि पर शव के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया गया.
जीवाजीगांज थाना प्रभारी प्रतीक शर्मा के मुताबिक, शिकायत और वायरल वीडियो की जांच के बाद काली नंद गिरी के खिलाफ BNS की धारा 301 के तहत FIR दर्ज की गई है. पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है और मामले की आगे जांच की जा रही है.
पहला वीडियो हटाने के बाद दूसरे वीडियो में दी चुनौती
पहला वीडियो वायरल होने के बाद काली नंद गिरी ने उसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से हटा दिया. लेकिन इसके बाद सोमवार 31 अगस्त 2026 को उसने एक और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया. इस वीडियो में वह चक्रतीर्थ श्मशान में दिखाई दे रही है और चिता की राख को अपने चेहरे, हाथ और पैरों पर लगाती नजर आती है.
दूसरे वीडियो में वह अपने खिलाफ टिप्पणी करने और विरोध करने वालों को सामने आने की चुनौती देती दिखाई देती है. वीडियो में वह कहती है कि पीठ पीछे बोलने वालों में हिम्मत है तो सामने आकर बोलो, साथ ही वह चक्रतीर्थ श्मशान में रहने की बात कहती है और कथित तौर पर धमकी भरे अंदाज में कहती है कि औकात में रह और ज्यादा होगा तो वह मारने के लिए भी रेडी है.
मध्य प्रदेश –
उज्जैन में किन्नर अखाड़े की अघोरी काली उर्फ नंद गिरी ने जलती हुई चिता से मानव मांस निकालकर खाया। वायरल वीडियो में वह मांस को गर्म और स्वादिष्ट बताती हैं। पुलिस ने FIR दर्ज कर किन्नर अघोरी को गिरफ्तार किया। FIR के बाद एक नई Video बनाकर अघोरी किन्नर ने चुनौती/धमकी दी… pic.twitter.com/XVsALmesiQ— Sachin Gupta (@Sachingupta) September 2, 2026
अखाड़ा परिषद ने भी की सख्त कार्रवाई की मांग
मामला सामने आने के बाद अखाड़ा परिषद अध्यक्ष डॉ. रवींद्र पुरी महाराज ने उज्जैन के पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा से चर्चा कर कार्रवाई की मांग की. उन्होंने इस तरह के कथित कृत्य को सनातन धर्म की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बताया और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की. वहीं, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री महंत हरि गिरि महाराज ने पुलिस को भेजे पत्र में कहा कि मानव अंगों का सेवन कहीं भी शास्त्रों में नहीं लिखा है. उन्होंने ऐसे कृत्य करने वाले साधु, साध्वी या किन्नर के खिलाफ शासन-प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की.