Home > मध्य प्रदेश > Ujjain Cow Rescue: उज्जैन में जांबाज रेस्क्यू, 50 फीट गहरे कुएं से गर्भवती गाय को जिंदा निकाला

Ujjain Cow Rescue: उज्जैन में जांबाज रेस्क्यू, 50 फीट गहरे कुएं से गर्भवती गाय को जिंदा निकाला

MP Rescue News: घटना की सूचना मिलते ही घट्टिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. उपनिरीक्षक शैलेंद्र सिंह अलावा के नेतृत्व में टीम ने बिना समय गंवाए क्रेन मंगवाई और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.

By: Shubahm Srivastava | Published: May 6, 2026 7:27:14 PM IST



Ujjain Cow Rescue: जिले के घट्टिया थाना क्षेत्र के ग्राम जैथल टैक में लापरवाही और खतरे का एक और मामला सामने आया, जहां बिना मुंडेर के खुले कुएं में गिरकर एक गर्भवती गाय की जान पर बन आई. करीब 50 फीट गहरे कुएं में पानी भरा होने के कारण गाय के डूबने का खतरा लगातार बना रहा, लेकिन समय रहते पुलिस और ग्रामीणों की तत्परता ने उसे मौत के मुंह से खींच लाया.

क्रेन मंगवाकर किया रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही घट्टिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. उपनिरीक्षक शैलेंद्र सिंह अलावा के नेतृत्व में टीम ने बिना समय गंवाए क्रेन मंगवाई और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. ग्रामीणों ने पहले कुएं का पानी मोटर डालकर कम किया, ताकि बचाव कार्य संभव हो सके. रेस्क्यू के दौरान गांव के युवक शुभम परमार और दिव्यराज सिंह सोलंकी ने असाधारण साहस दिखाया. 

पुलिस और ग्रामीणों की बहादुरी की हो रही सराहना 

दोनों क्रेन के पट्टे पर लटककर गहरे, अंधेरे कुएं में उतरे और कड़ी मशक्कत के बाद गाय को पट्टों से बांधकर सुरक्षित बाहर निकलवाया. करीब 2 घंटे चले इस ऑपरेशन के बाद गाय को सकुशल बाहर निकाल लिया गया. इस अभियान में प्रधान आरक्षक शांतिलाल जाट और विक्रम मालवीय का भी अहम योगदान रहा. मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस और युवकों की बहादुरी की जमकर सराहना की.

क्षेत्र में ऐसे कई खुले और बिना मुंडेर के कुएं हैं, जो हर दिन हादसे को न्योता दे रहे हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी इंसान या बेजुबान की जान जोखिम में न पड़े.

Disclaimer : The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

Advertisement