Twisha Sharma Instagram: मध्य प्रदेश के भोपाल में ट्विशा शर्मा की मौत मामले में उनके पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका खारिज हो गई है. भोपाल में अपने ससुराल में ट्विशा शर्मा 12 मई को फंदे पर लटकी मिली थी. इस मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं. ट्विशा की दोस्त मीनाक्षी ने भी बड़ा दावा किया है. मीनाक्षी ने बताया कि शादी के बाद वह मुझसे कम बात कर रही थी. मैंने उससे पूछा कि क्या हुआ तो उसने कहा कि वह कॉल करेगी, लेकिन उसने कभी नहीं किया.
मीनाक्षी ने बताया- “उसने मुझे एक मैसेज भेजा जिसमें लिखा था कि मैं फंस गई हूं. मैंने उसे मैसेज किया कि मुझे उसकी चिंता हो रही है, लेकिन उसका कॉल कभी नहीं आया. उसका 15 किलो वजन कम हो गया था. भोपाल में वर्क फ्रॉम होम नौकरी छूट जाने के बाद समर्थ के परिवार ने ट्विशा को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया. उसे लगातार परेशान किया जा रहा था कि अब तुम्हें नौकरी कैसे मिलेगी, तुम पढ़ी-लिखी नहीं हो.”
‘वह मुझसे पूछ रहा है कि यह बच्चा किसका है’
यही नहीं मीनाक्षी ने आगे बताया कि जब ट्विशा प्रेग्नेंट हुई, तो समर्थ ने बच्चे को अपना मानने से इनकार कर दिया. ट्विशा ने अपनी मां को भी लिखा था, “मम्मी, वह मुझसे पूछ रहा है कि यह बच्चा किसका है? मैं शांत कैसे रहूं? मैं चुप कैसे रहूं?” शादी के कुछ समय बाद ट्विशा का गर्भपात हो गया था.
बता दें कि नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल की रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के वकील बेटे समर्थ सिंह से हुई थी. दोनों की मुलाकात मैट्रिमोनियल साइट और डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी. परिवार के मुताबिक, शादी के बाद शुरुआती कुछ समय तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन धीरे-धीरे ट्विशा को मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी.
‘कमरे में कोई आ गया और फोन कट गया’
परिवार का कहना है कि मौत से ठीक पहले ट्विशा अपनी मां से बात कर रही थी और उसने कहा कि अब ये सब सहन नहीं होता. इसके बाद कमरे में कोई आ गया और फोन कट गया. करीब 30 मिनट बाद रिटायर जज गिरिबाला ने ट्विशा के मां-बाप को फोन पर बताया- ‘She is no more.’
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मौत फांसी से ही होना बताया गया, लेकिन उसके शरीर पर कई जगह चोट और मारपीट के निशान मिले हैं. 7 दिन से उसका शव भोपाल एम्स की मोर्चरी में रखा गया है. उसके परिवार वाले अंतिम संस्कार नहीं कर रहे हैं. उनका कहना है कि शव को दोबारा पीएम कराया जाए और मामले की सुनवाई किसी दूसरे राज्य में होनी चाहिए.
रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह ने बहू पर क्या आरोप लगाए?
दूसरी तरफ ट्विशा की सास ने अपनी बहू पर ड्रग्स की लत का आरोप लगाया है. हालांकि, ट्विशा शर्मा के पिता नवनिधि शर्मा ने बेटी के ड्रग एडिक्ट होने के आरोपों को खारिज किया है. उन्होंने समर्थ सिंह पर ड्रग्स लेने और ट्विशा से मारपीट करने का आरोप लगाया है.
रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह की जमानत याचिका में कहा गया कि ट्विशा कथित तौर पर ड्रग्स की आदी थीं. दावा किया गया कि जब उन्हें नशा नहीं मिलता था, तो उनके हाथ कांपने लगते थे. ट्विशा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थी, जहां उसे आसानी से ड्रग्स उपलब्ध हो जाते थे. आवेदन में यह भी कहा गया है कि प्रेग्नेंट होने के बाद उसके व्यवहार में काफी बदलाव आ गया था.
साइकैट्रिस्ट के पास चल रहा था इलाज?
इसके अलावा आवेदन में यह दावा किया गया है कि 30 अप्रैल को नोएडा से भोपाल लौटने के बाद उसने भारी मात्रा में गांजे का सेवन किया था. कथित तौर पर ड्रग ओवरडोज की वजह से उसका एबॉर्शन भी कराना पड़ा. ट्विशा का इलाज भोपाल में एक साइकैट्रिस्ट के पास चल रहा था और उसका उपचार ससुराल पक्ष ही करवा रहा था.
गिरीबाला सिंह की जमानत याचिका में इस बात का भी जिक्र किया गया है कि उनकी बहू 17 अप्रैल 2026 की सुबह फ्लाइट से दिल्ली गई थी. 18 अप्रैल 2026 को अपने घर यानी मायके पहुंची. करीब 12 घंटे लापता रही. पूछने पर ट्विशा ने नहीं बताया कि वह कहां रही.
ट्विशा ने मैसेज में अपनी मां से ड्रग्स को लेकर क्या कहा था?
गौरतलब है कि ड्रग्स वाली बात को लेकर ट्विशा ने एक मैसेज में अपनी मां से कहा था कि ‘इन सबको ये लगता है कि मैं ड्रग्स करती हूं, इसलिए मेरा मूड खराब रहता है. बस एक भी बार दिल में ये नहीं आ रहा है कि इनका बेटा ही मुझे छोड़ कर बैठा है. मेरा मूड इस वजह से भी खराब हो सकता है.’ फिलहाल इस मामले की जांच एसआईटी कर रही है. जांच के बाद ही कुछ साफ हो सकेगा.