Tribal Family Attack: अशोकनगर जिले के मुंगावली ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सोना खेड़ी में एक आदिवासी परिवार पर गांव के ही कुछ दबंगों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने परिवार के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की, नकदी और मोबाइल छीन लिए तथा उनके टपरे में आग लगा दी. घटना में परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए, जिन्हें डायल 112 की सहायता से सिविल अस्पताल मुंगावली में भर्ती कराया गया है.
लाठी-डंडों से मारपीट
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सोना खेड़ी निवासी नरेंद्र आदिवासी (38), पिता सोमा आदिवासी, पर गांव के परमाल सिंह यादव और उसके परिजनों ने हमला कर दिया. आरोप है कि आरोपियों ने नरेंद्र के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की. बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी हरीबाई आदिवासी (36) और पुत्री पार्वती (15) को भी नहीं बख्शा गया और उनके साथ भी मारपीट की गई.
10 हजार रुपये नकद भी छीन लिए
पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावर नरेंद्र के दो मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नकद भी छीन ले गए. इतना ही नहीं, आरोपियों ने परिवार के टपरे में आग लगा दी. जाते-जाते उन्होंने परिवार को धमकी भी दी कि यदि पुलिस में शिकायत की गई तो जान से मार देंगे. घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल मुंगावली पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है. मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.