44
Singrauli theft case: सिंगरौली जिले के सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधेर गांव में बीती रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है. सूने पड़े मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया. घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.
शादी में शामिल होने गया था पूरा परिवार
जानकारी के अनुसार, बुधेर गांव निवासी कुशवाहा परिवार पास के एक गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया था, जिससे घर पूरी तरह खाली था. मौके का फायदा उठाते हुए चोरों ने मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर घुसकर वारदात को अंजाम दिया.
लौटने पर टूटा ताला और बिखरा सामान मिला
रात करीब 1 बजे जब परिवार वापस लौटा तो घर का दरवाजा खुला मिला और ताला जमीन पर टूटा पड़ा था. अंदर जाकर देखा तो अलमारियां खुली थीं और सामान बिखरा हुआ था. पीड़ित परिवार के मुताबिक, चोर करीब 1.50 लाख रुपये नकद और लगभग 5 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए. कुल मिलाकर करीब 6.50 लाख रुपये की चोरी बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है. क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में नाराजगी है. लोगों ने पुलिस से नियमित गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.
Disclaimer : The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.