Mahya Pradesh News: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में गुरुवार को हाईवे पर चल रही यात्रियों से भरी बस में अचानक भीषण आग लग गई. इस दौरान बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और डाइवर ने तुरंत बस रोकी, जिसके बाद सभी ने जल्दबाजी में उतरकर खुद की जान बचाई.
इंदौर के शिप्रा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 11 बजे रीवा से इंदौर आ रही जय अंबे ट्रेवल्स की बस में अचानक आग लग गई. हादसा शिप्रा थाने के सामने हुआ. राहत की बात यह हैं कि बस में सवार सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
टायर फटने के कारण हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, चलती बस का अचानक टायर फट गया. इसके बाद चालक ने बस को संभालने की कोशिश की. इसी दौरान घर्षण के कारण बस के अगले हिस्से में आग लग गई. घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया जा सका. हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है.
दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची
आग लगने के बाद आसपास के थाना क्षेत्र में स्थित दमकल को सूचना दी गई. शिप्रा थाना क्षेत्र की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई, कुछ समय बाद पास के जेआर वेयर हाउस की भी दमकल की गाड़ी पहुंची. सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया.