Agar Malwa news: मध्य प्रदेश के आगर-मालवा शहर में वार्ड क्रमांक 19 स्थित साईं मंदिर के पीछे गोवंश के अवशेष मिलने से बुधवार को तनावपूर्ण स्थिति बन गई. घटना सामने आने के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए.
अवशेष मिलने से फैला तनाव
साईं मंदिर के पीछे गोवंश के अवशेष मिलने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई. स्थानीय लोगों में घटना को लेकर नाराजगी देखी गई.घटना के बाद बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने गोवंश के अवशेषों की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए छावनी नाका चौराहे तक पहुंची.
दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए मांग की कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो. प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि गोवंश के शेष अवशेषों की तलाश कर विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया जाए और पोस्टमार्टम के जरिए मौत के कारणों का पता लगाया जाए. सूचना मिलने पर एसडीएम मिलिंद ढोके, मोतीलाल कुशवाह सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी.
जांच और कार्रवाई का आश्वासन
एसडीओपी ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी. प्रशासन ने शाम 4 बजे तक का समय मांगा है. एसडीएम ने बताया कि अवशेषों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे और रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.