Home > मध्य प्रदेश > Sidhi storm news: आंधी से सीधी में आम का विशाल पेड़ गिरा, बोलेरो-बाइक चकनाचूर, टला बड़ा हादसा

Sidhi storm news: आंधी से सीधी में आम का विशाल पेड़ गिरा, बोलेरो-बाइक चकनाचूर, टला बड़ा हादसा

Sidhi storm news: सीधी जिले में तेज आंधी-तूफान के दौरान एक विशाल आम का पेड़ बोलेरो और बाइक पर गिर गया, जिससे दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए. वाहन में सवार तीनों लोग, जिनमें एक बच्चा भी शामिल था, सुरक्षित बच निकले. स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य किया गया और बड़ा हादसा टल गया.

By: Ranjana Sharma | Published: April 30, 2026 5:48:58 PM IST



Sidhi storm news: सीधी जिले में गुरुवार सुबह अचानक बदले मौसम ने तबाही मचा दी. तेज आंधी-तूफान और बारिश के बीच अमिलिया थाना क्षेत्र में एक विशाल आम का पेड़ सड़क किनारे खड़े वाहनों पर गिर पड़ा. हादसे में बोलेरो और बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, हालांकि गनीमत रही कि वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित बच निकले.

सड़क किनारे खड़ी बोलेरो पर गिरा पेड़

घटना अमिलिया थाना क्षेत्र के कोदौरा बाजार सजवानी के पास बहरी-हनुमना मार्ग पर सुबह करीब 9:35 बजे हुई. अचानक आए तेज तूफान के दौरान एक विशाल आम का पेड़ सड़क किनारे खड़ी बोलेरो (CG 12 R 6131) पर गिर गया, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. पेड़ गिरने की चपेट में पास में खड़ी एक मोटरसाइकिल भी आ गई, जो पूरी तरह चकनाचूर हो गई. दोनों वाहनों को भारी नुकसान हुआ, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

वाहन में सवार थे तीन लोग, बच्चा भी मौजूद

हादसे के समय बोलेरो में चंद्र प्रताप सिंह (27), रामधनी सिंह (52) और 12 वर्षीय मासूम उमेश कुमार सिंह सवार थे. सभी लोग इलाज के लिए बाजार आए थे और वाहन सड़क किनारे खड़ा था. पेड़ गिरते वक्त बच्चा गाड़ी के अंदर ही मौजूद था, जिससे कुछ देर के लिए दहशत फैल गई. गनीमत यह रही कि पेड़ गिरने के बावजूद वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए. खासतौर पर मासूम का सकुशल बचना किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पेड़ गिरने की दिशा बदल जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था.

ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा, शुरू किया राहत कार्य

घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. लोगों की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया गया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने का प्रयास किया गया. इस घटना के बाद इलाके में कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. तेज आंधी और अचानक हुए इस हादसे ने लोगों को दहशत में डाल दिया.

Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

Advertisement