Singrauli hospital news: मध्य प्रदेश के सिंगरौली में भीषण गर्मी के बीच जिला अस्पताल सह ट्रामा सेंटर की व्यवस्थाओं की पोल उस समय खुल गई, जब कलेक्टर गौरव बैनल ने औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अधिकांश वार्डों में एसी बंद या खराब मिले, जिससे मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
वार्डों में बंद मिले एसी, मरीज गर्मी से बेहाल
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद कलेक्टर ने अस्पताल का निरीक्षण किया, जहां दूर-दराज से आए मरीज भीषण गर्मी में परेशान नजर आए. जांच में सामने आया कि कई वार्डों में एसी बंद पड़े हैं और नियमित मेंटेनेंस नहीं होने के कारण खराब हो चुके हैं. इस पर कलेक्टर ने एक सप्ताह के भीतर सभी एसी दुरुस्त करने के निर्देश दिए.
पर्ची काउंटर पर अनियमितता, मरीजों से वसूली
निरीक्षण के दौरान पर्ची काउंटर पर भी गड़बड़ियां सामने आईं. कलेक्टर ने पाया कि ऑपरेटर मनमानी कर रहे हैं और असहाय मरीजों से भी शुल्क वसूला जा रहा है. इस पर उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में शिकायत मिलने पर संविदाकार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
डॉक्टर अनुपस्थित, साफ-सफाई और देखभाल में कमी
कलेक्टर ने अस्पताल परिसर, वार्डों की साफ-सफाई और मरीजों की देखभाल का जायजा लिया. इस दौरान ओपीडी में डॉक्टर अनुपस्थित पाए गए, जिस पर उन्होंने कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के आदेश दिए.
पोषण पुनर्वास केंद्र में कम बच्चे, जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर पोषण पुनर्वास केंद्र भी पहुंचे, जहां 20 बिस्तरों के मुकाबले केवल 6 बच्चे भर्ती मिले. इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देश दिया कि कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें केंद्र में भर्ती कराया जाए.
एक सप्ताह में सुधार नहीं तो सख्त कार्रवाई
मीडिया से बातचीत में कलेक्टर गौरव बैनल ने कहा कि निरीक्षण में कई गंभीर खामियां सामने आई हैं. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएं, अन्यथा अगली जांच में सुधार न मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
Disclaimer- The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.