Home > मध्य प्रदेश > Shivraj Singh Chouhan Sehore: सीहोर में बेटियों के ‘मामा’ बने शिवराज सिंह चौहान, सामूहिक विवाह सम्मेलन में गाया गीत

Shivraj Singh Chouhan Sehore: सीहोर में बेटियों के ‘मामा’ बने शिवराज सिंह चौहान, सामूहिक विवाह सम्मेलन में गाया गीत

Shivraj Singh Chouhan Sehore: सीहोर के पिपलानी गांव में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और बेटियों के लिए भावुक गीत गाया.

By: Ranjana Sharma | Published: April 30, 2026 5:39:44 PM IST



Shivraj Singh Chouhan Sehore: सीहोर जिले के बुधनी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पिपलानी में आयोजित आदर्श गोंड समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और बेटियों के प्रति स्नेह जताते हुए भावुक गीत गाकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया.

सामूहिक विवाह सम्मेलन में शामिल हुए शिवराज

कार्यक्रम में शिवराज सिंह चौहान ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें आशीर्वाद दिया. उन्होंने सभी दंपतियों के सुखद और समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की और समारोह में मौजूद लोगों का अभिवादन किया. कार्यक्रम के दौरान उनका एक अलग ही रूप देखने को मिला, जब उन्होंने बेटियों के लिए भावुक गीत गाया—“बेटियों, मामा की दुआएँ लेती जाओ, तुमको सुखी संसार मिले…”. इस गीत ने वहां मौजूद लोगों को भावुक कर दिया और माहौल आत्मीयता से भर गया.

मंत्री नहीं, मामा बनकर आया हूं

अपने संबोधन में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वे इस कार्यक्रम में मंत्री या नेता के रूप में नहीं, बल्कि बेटियों के ‘मामा’ के रूप में शामिल हुए हैं. उन्होंने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने जीवन की नई शुरुआत प्रेम, विश्वास और सम्मान के साथ करें और एक-दूसरे का साथ निभाते हुए खुशहाल जीवन जिएं.

मां नर्मदा से की सुख-समृद्धि की प्रार्थना

शिवराज सिंह चौहान ने मां नर्मदा से प्रार्थना की कि सभी नवविवाहित जोड़े जीवनभर खुश रहें और उन पर सदैव कृपा बनी रहे. उन्होंने समाज के इस आयोजन की सराहना भी की. इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाजजन, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय विधायक मौजूद रहे. पूरा कार्यक्रम उत्साह, उल्लास और भावनात्मक माहौल से भरा रहा, जहां हर कोई इस खास पल का साक्षी बना.

Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

Advertisement