Shivpuri jeweller suicide: शिवपुरी जिले के बदरवास कस्बे में गुरुवार दोपहर एक ज्वेलरी कारोबारी द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना से सनसनी फैल गई. 42 वर्षीय संदीप सोनी ने अपने घर में पिस्टल से सिर में गोली मार ली. घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया और इलाके में शोक का माहौल बन गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
घर के कमरे में खुद को मारी गोली
जानकारी के अनुसार, संदीप सोनी पुत्र जगदीश सोनी ने अपने ही घर के कमरे में पिस्टल से खुद को गोली मार ली. घटना के समय कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिससे किसी बाहरी हस्तक्षेप की संभावना कम मानी जा रही है.
गोली की आवाज सुनकर पहुंचे परिजन
गोली चलने की आवाज सुनते ही परिजन मौके पर पहुंचे. दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण उन्होंने दरवाजा तोड़ा, जहां संदीप खून से लथपथ हालत में पड़े मिले. यह दृश्य देखकर परिवार के लोग स्तब्ध रह गए. परिजनों ने घायल अवस्था में संदीप को तुरंत बदरवास स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें गुना जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन गुना पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
अवैध पिस्टल होने की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना में प्रयुक्त पिस्टल अवैध हो सकती है. हालांकि पुलिस इस संबंध में जांच कर रही है और अभी इसकी पुष्टि नहीं की गई है. घटना के पीछे के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है. सूत्रों के अनुसार, कारोबारी को आईपीएल सट्टे में आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है. बदरवास थाना प्रभारी एसआई शिखा तिवारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.