Shajapur Farmers Protest: जिले में उपार्जन केंद्रों पर गेहूं बेच चुके किसानों को समय पर भुगतान नहीं मिलने से नाराजगी बढ़ती जा रही है. इसी को लेकर आज किसानों ने केंद्रीय सहकारी बैंक मर्यादित, लालघाटी शाखा पर जोरदार प्रदर्शन किया.
किसानों का आरोप, फसल का भुगतान नहीं मिल रहा
किसानों का आरोप है कि पिछले एक सप्ताह से उन्हें उनकी फसल का भुगतान नहीं मिल रहा है, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. किसानों ने बताया कि उन्हें रोजाना केवल 49 हजार रुपये निकालने की बात कही जा रही है, जिसके चलते उन्हें बार-बार बैंक के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं और उनका समय भी बर्बाद हो रहा है.
किसानों का कहना है कि बैंक कर्मचारी लगातार “आज मिल जाएगा, कल मिल जाएगा” कहकर उन्हें टाल रहे हैं, जिससे वे आक्रोशित हो गए और बड़ी संख्या में बैंक पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने लगे. किसानों ने यह भी कहा कि उनकी मेहनत की कमाई समय पर न मिलने से रोजमर्रा के खर्च और अगली खेती की तैयारियों पर असर पड़ रहा है.
किसानों की प्रशासन से मांग
सूचना के बावजूद लालघाटी पुलिस करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची. तब तक किसान बैंक के बाहर नारेबाजी करते रहे. पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और किसानों को समझाइश दी. किसानों ने प्रशासन से जल्द से जल्द उनका बकाया भुगतान कराने की मांग की है.
Disclaimer : The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.