Home > मध्य प्रदेश > Rewa Mine Accident: रीवा में दर्दनाक हादसा,अल्ट्राटेक माइंस में पत्थर गिरने से महिला मजदूर की मौके पर मौत

Rewa Mine Accident: रीवा में दर्दनाक हादसा,अल्ट्राटेक माइंस में पत्थर गिरने से महिला मजदूर की मौके पर मौत

Rewa Mine Accident: रीवा जिले के बैजनाथ स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट माइंस में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया. काम के दौरान ऊपर से भारी चट्टान गिरने से महिला मजदूर सुमित्रा साकेत की मौके पर मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है.

By: Shivashakti Narayan Singh | Published: April 28, 2026 6:52:10 PM IST



 Rewa Mine Accident: रीवा जिले के ग्राम पंचायत बैजनाथ क्षेत्र स्थित UltraTech Cement की माइंस में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. खदान में काम के दौरान ऊपर से भारी चट्टान गिरने से एक महिला मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है.

मृतका की पहचान सुमित्रा साकेत, निवासी ग्राम बैजनाथ, के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, वह मंगलवार सुबह अपने पति और ससुर के साथ ट्रैक्टर लेकर खदान में पत्थर निकालने गई थी. इसी दौरान जब वह खदान के निचले हिस्से में कार्य कर रही थी, तभी अचानक ऊपरी हिस्से से एक विशाल चट्टान टूटकर नीचे आ गिरी.

सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप

चट्टान सीधे सुमित्रा के ऊपर गिरने से वह उसके नीचे दब गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही नौबस्ता और चोरहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने खदान प्रबंधन और अवैध खनन गतिविधियों पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए खदानों में खतरनाक तरीके से सीधे घाट खड़े कर दिए गए हैं. साथ ही, लगातार की जा रही भारी ब्लास्टिंग से चट्टानें कमजोर हो चुकी हैं, जिससे इस तरह के हादसों का खतरा बढ़ गया है.

 मशीन ऑपरेटर और डंपर चालक हुए फरार

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद मशीन ऑपरेटर और डंपर चालक वहां से फरार हो गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.यह हादसा एक बार फिर खदानों में सुरक्षा व्यवस्था और मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है.

Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

Advertisement