Rajgarh Government Employee Retirement: जिला पंचायत राजगढ़ में गुरुवार को सेवानिवृत्त हो रहे वाहन चालक के सम्मान में भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया. यह अवसर न केवल भावनात्मक रहा, बल्कि कर्मचारियों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का प्रेरक उदाहरण भी बना.
वाहन चालक को विशेष सम्मान
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) डॉ. इच्छित गढ़पाले ने वर्षों तक निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ सेवा देने वाले वाहन चालक को विशेष सम्मान दिया. समारोह में उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था की सफलता में प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका महत्वपूर्ण होती है. अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और समर्पण से निर्वहन करने वाले कर्मचारी सदैव सम्मान के अधिकारी होते हैं.
खुद कार चलाकर कर्मचारी को छोड़ा घर
इस अवसर को और भी यादगार बनाते हुए डॉ. गढ़पाले ने सेवानिवृत्त वाहन चालक को अपनी सीट पर सम्मानपूर्वक बैठाया. इसके बाद स्वयं वाहन चलाकर उन्हें उनके घर तक छोड़ने पहुंचे. यह दृश्य वहां उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए बेहद भावुक और प्रेरणादायक रहा.
हर जगह हो रही सराहना
डॉ. गढ़पाले की इस संवेदनशील पहल की सभी ने मुक्तकंठ से सराहना की. सेवानिवृत्त वाहन चालक ने भी अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए जिला पंचायत परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि उन्हें अपने पूरे कार्यकाल में परिवार जैसा स्नेह, सहयोग और सम्मान मिला.
समारोह में जिला पंचायत के अधिकारी, कर्मचारी और अन्य स्टाफ मौजूद रहे. सभी ने पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सेवानिवृत्त कर्मचारी के सुखद, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
Disclaimer : The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.