Home > मध्य प्रदेश > Morena news: चंबल में 2 किमी तक दौड़ी रेत माफिया की ट्रॉली, वन विभाग ने फिल्मी अंदाज में दबोचा

Morena news: चंबल में 2 किमी तक दौड़ी रेत माफिया की ट्रॉली, वन विभाग ने फिल्मी अंदाज में दबोचा

Morena news: मुरैना के सबलगढ़ क्षेत्र में वन विभाग ने 2 किलोमीटर तक पीछा कर अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की. चालक फरार हो गया, जबकि कार्रवाई से रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया.

By: Ranjana Sharma | Published: May 3, 2026 4:33:11 PM IST



Morena news: मुरैना चंबल अंचल में अवैध रेत खनन का काला कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है. सुप्रीम कोर्ट के सख्त निर्देशों के बावजूद रेत माफिया लगातार प्रशासन को चुनौती दे रहे हैं. शनिवार को मुरैना जिले के सबलगढ़ क्षेत्र में वन विभाग ने अवैध रेत परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2 किलोमीटर तक पीछा कर रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ली. हालांकि चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया.

सूचना मिलते ही सक्रिय हुआ वन विभाग

जानकारी के अनुसार, वन विभाग की सबलगढ़ रेंज टीम को अवैध रेत परिवहन की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही वन अमला सक्रिय हुआ और तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की. इसी दौरान एक संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज रफ्तार से भागती नजर आई. वन विभाग की टीम ने जब वाहन को रोकने का प्रयास किया, तो चालक ट्रैक्टर लेकर फरार होने लगा. इसके बाद वन अमले ने उसका पीछा शुरू किया. करीब 2 किलोमीटर तक चले हाई-वोल्टेज पीछा के बाद टीम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को घेरकर पकड़ लिया. हालांकि चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया.

ट्रॉली में मिली अवैध रेत

जांच के दौरान ट्रॉली में करीब 2 घन मीटर अवैध रेत भरी पाई गई. वन विभाग ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया. जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को वन विभाग ने अपने कब्जे में लेकर रेंज कार्यालय परिसर में सुरक्षित खड़ा करा दिया है. इस कार्रवाई में सबलगढ़ गेम रेंज, वन परिक्षेत्र और एसएएफ के जवान भी मौजूद रहे. चंबल क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन लंबे समय से गंभीर समस्या बना हुआ है. लगातार कार्रवाई के बावजूद रेत माफिया नए-नए तरीके अपनाकर प्रशासन को चुनौती दे रहे हैं. वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. इस ताजा कार्रवाई के बाद क्षेत्र में रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है.

Disclaimer : The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

Advertisement