Home > मध्य प्रदेश > Katni school fire: कटनी के डीएवी स्कूल में भीषण आग, कंप्यूटर लैब जलकर खाक,, फर्नीचर और दस्तावेज भी जले

Katni school fire: कटनी के डीएवी स्कूल में भीषण आग, कंप्यूटर लैब जलकर खाक,, फर्नीचर और दस्तावेज भी जले

Katni school fire: मध्य प्रदेश के कटनी जिले में डीएवी पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. आग इतनी तेजी से फैली कि स्कूल की कंप्यूटर लैब पूरी तरह जलकर खाक हो गई, हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.

By: Ranjana Sharma | Published: April 29, 2026 2:31:33 PM IST



Katni school fire: कटनी जिले के डीएवी पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. सुबह करीब 10:30 बजे स्कूल परिसर से धुआं उठता देखा गया, जिसके बाद तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई.

दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा

सूचना मिलते ही बस स्टैंड जोन से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. आग की गंभीरता को देखते हुए एक अतिरिक्त दमकल वाहन भी बुलाया गया. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई. आग इतनी तेजी से फैली कि स्कूल का कंप्यूटर लैब पूरी तरह जलकर राख हो गया. इसके अलावा कई कक्षों में रखा फर्नीचर, शैक्षणिक सामग्री और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी आग की भेंट चढ़ गए.

फायर सेफ्टी इंतजामों की खुली पोल

इस घटना ने स्कूल में मौजूद अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. नियमानुसार स्कूलों, कॉलेजों और अन्य सार्वजनिक संस्थानों में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम होना अनिवार्य है, लेकिन यहां सुरक्षा व्यवस्था नाकाफी नजर आई.

बड़ा खतरा टला, चेतावनी स्पष्ट

गनीमत रही कि घटना के समय स्कूल परिसर में अधिक भीड़ नहीं थी. यदि उस वक्त बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद होते, तो स्थिति कहीं अधिक भयावह हो सकती थी. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है. प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से पड़ताल कर रहा है.यह घटना केवल एक हादसा नहीं, बल्कि एक गंभीर चेतावनी है स्कूलों और सार्वजनिक संस्थानों में फायर सेफ्टी को लेकर लापरवाही अब बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जा सकती.

Disclaimer- The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

Advertisement