Home > मध्य प्रदेश > Maihar Traffic Challan: मैहर में ट्रैफिक नियम तोड़ना पड़ा भारी, काटे गए 376 चालान; 1.20 लाख जुर्माना

Maihar Traffic Challan: मैहर में ट्रैफिक नियम तोड़ना पड़ा भारी, काटे गए 376 चालान; 1.20 लाख जुर्माना

MP traffic police action: अभियान के दौरान पुलिस की टीमें शहर के प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर तैनात रहीं.

By: Shubahm Srivastava | Published: May 6, 2026 10:04:52 PM IST



Maihar Traffic Challan: जिले में यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है. पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर कोतवाली पुलिस सहित जिले के विभिन्न थानों द्वारा संयुक्त रूप से विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया. इस व्यापक कार्रवाई के तहत एक ही दिन में 376 वाहन चालकों के चालान काटे गए, जबकि कुल ₹1,20,800 का शमन शुल्क वसूल किया गया.

प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर चला अभियान

अभियान के दौरान पुलिस की टीमें शहर के प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर तैनात रहीं. दोपहिया वाहन चालकों पर विशेष निगरानी रखते हुए बिना हेलमेट चलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई. वहीं, चार पहिया वाहनों में नियमों के विपरीत काली फिल्म लगाकर चलने वालों पर भी जुर्माना ठोका गया.

पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाया गया अभियान

चेकिंग के दौरान पुलिस कर्मियों ने संदिग्ध वाहनों की भी जांच की और दस्तावेजों की गहन पड़ताल की. कई स्थानों पर पुलिस द्वारा वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान पुलिस मुख्यालय (PHQ) के निर्देशानुसार चलाया जा रहा है और आगे भी निरंतर जारी रहेगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस तरह की कार्रवाई जरूरी है.

अधिकारियों की नागरिकों से अपील

अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, वैध दस्तावेज साथ रखें और सभी यातायात नियमों का पालन करें. इस सख्त कार्रवाई से जहां नियमों का उल्लंघन करने वालों में हड़कंप की स्थिति रही, वहीं जिम्मेदार वाहन चालकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम बताया है.

Disclaimer : The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

Advertisement