Home > मध्य प्रदेश > Katni news: ट्रेन का इंतजार करते-करते स्टेशन पर थम गई सांसें,रीठी रेलवे स्टेशन पर बुजुर्ग ने तोड़ा दम

Katni news: ट्रेन का इंतजार करते-करते स्टेशन पर थम गई सांसें,रीठी रेलवे स्टेशन पर बुजुर्ग ने तोड़ा दम

Katni news: कटनी जिले के रीठी रेलवे स्टेशन पर इलाज के लिए ले जाए जा रहे बुजुर्ग शालीन साह की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. पत्नी की आंखों के सामने हुई इस घटना ने सभी को भावुक कर दिया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई पूरी की. यह घटना गरीब और असहाय लोगों की स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच की कठिनाइयों को उजागर करती है.

By: Ranjana Sharma | Published: April 29, 2026 1:16:36 PM IST



Katni news: मध्य प्रदेश के कटनी जिले से एक बेहद मार्मिक घटना सामने आई है, जिसने मानवता को झकझोर कर रख दिया. इलाज के लिए अस्पताल ले जाए जा रहे एक बुजुर्ग की रीठी रेलवे स्टेशन पर ही मौत हो गई, जिससे वहां मौजूद लोग भावुक हो उठे.

कई दिनों से बीमार थे बुजुर्ग शालीन साह

जानकारी के अनुसार परेवागार गांव निवासी बुजुर्ग शालीन साह पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे. उनकी हालत लगातार बिगड़ रही थी, जिसके चलते परिवार ने उन्हें अस्पताल ले जाने का निर्णय लिया. बुजुर्ग की पत्नी उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाने रीठी रेलवे स्टेशन पहुंचीं. दोनों ट्रेन का इंतजार कर रहे थे, ताकि समय रहते अस्पताल पहुंचा जा सके. इसी दौरान, ट्रेन आने से पहले ही शालीन साह की तबीयत अचानक ज्यादा खराब हो गई. स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि पत्नी कुछ समझ पातीं, उससे पहले ही उन्होंने स्टेशन परिसर में दम तोड़ दिया.

पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल

पति की मौत के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. वह स्टेशन पर ही शव के पास बैठकर लोगों से मदद की गुहार लगाती रही. यह दृश्य इतना भावुक था कि वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं. घटना की सूचना मिलते ही रीठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया. यह घटना सिर्फ एक व्यक्ति की मौत नहीं, बल्कि उस संघर्ष को भी दर्शाती है, जिससे गरीब और असहाय लोग गुजरते हैं. समय पर इलाज न मिल पाना और संसाधनों की कमी आज भी कई परिवारों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है.

Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

Advertisement