Home > मध्य प्रदेश > Singrauli bike accident: सिंगरौली के दुधमनिया में दो बाइकों की भीषण टक्कर, एक युवक की मौत; एंबुलेंस न मिलने से तड़पते रहे घायल

Singrauli bike accident: सिंगरौली के दुधमनिया में दो बाइकों की भीषण टक्कर, एक युवक की मौत; एंबुलेंस न मिलने से तड़पते रहे घायल

Singrauli bike accident: सिंगरौली के सरई थाना क्षेत्र में दुधमनिया के पास दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत, तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए.

By: Preeti Rajput | Published: May 5, 2026 5:37:37 PM IST



Singrauli bike accident: सिंगरौली जिले के सरई थाना क्षेत्र के अंतर्गत दुधमनिया के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की भिड़ंत के कारण हुआ.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों बाइक चालक तेज गति में थे और मोड़ पर एक-दूसरे को देख नहीं पाए, जिससे जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए. इस दुर्घटना में शिवगढ़ निवासी श्यामबिहारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

दो बाइकों की भीषण टक्कर

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सरई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल (ट्रॉमा सेंटर, बैढ़न) रेफर कर दिया. इस दौरान स्वास्थ्य व्यवस्था की बड़ी लापरवाही सामने आई. अस्पताल में एंबुलेंस उपलब्ध न होने के कारण घायल लंबे समय तक स्ट्रेचर पर तड़पते रहे. बाद में समाजसेवी प्रेम सिंह भाटी ने मानवीय पहल करते हुए निजी एंबुलेंस की व्यवस्था की, जिससे घायलों को जिला अस्पताल भेजा जा सका.

स्थानीय लोगों में आक्रोश 

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. उनका कहना है कि सरई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लंबे समय से एंबुलेंस की सुविधा नहीं है, जिसकी शिकायत कई बार प्रशासन से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. लोगों ने मांग की है कि अस्पताल में जल्द से जल्द एंबुलेंस की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने.

Disclaimer : The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

Advertisement