CM Mohan Yadav pension scheme: मध्य प्रदेश के भोपाल से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 29 अप्रैल को पेंशन योजनाओं के तहत बड़ा वितरण कार्यक्रम किया. इस दौरान प्रदेश के 33 लाख से अधिक हितग्राहियों को कुल 200.71 करोड़ रुपए की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से उनके खातों में ट्रांसफर की गई. इस पहल से बैतूल जिले के 1,28,714 पेंशनरों को भी लाभ मिला.
बैतूल के हितग्राहियों को 7.72 करोड़ की राशि
इस कार्यक्रम के तहत बैतूल जिले के 1 लाख 28 हजार 714 पेंशनरों को कुल 7 करोड़ 72 लाख 28 हजार 400 रुपए की राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की गई. इससे जिले के हजारों परिवारों को आर्थिक सहारा मिला. कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बैतूल कलेक्ट्रेट के एनआईसी कक्ष में वेबकास्ट के माध्यम से किया गया. इस दौरान कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे और सामाजिक न्याय विभाग की अधिकारी सुश्री रोशनी वर्मा उपस्थित रहीं.
कलेक्टर ने दिए जरूरी निर्देश
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने कहा कि पेंशन योजनाएं समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के लिए महत्वपूर्ण सहारा हैं. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ मिले और कोई भी व्यक्ति योजना से वंचित न रहे.
योजनाओं की जानकारी फैलाने की अपील
कलेक्टर ने हितग्राहियों से अपील की कि वे अपने आसपास के जरूरतमंद लोगों तक इन योजनाओं की जानकारी पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें. सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की अधिकारी रोशनी वर्मा ने बताया कि सरकार द्वारा वृद्धजनों, परित्यक्ताओं, अविवाहिताओं और दिव्यांगजनों के लिए पेंशन योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनमें प्रति हितग्राही 600 रुपए प्रतिमाह सहायता दी जाती है.
Disclaimer- The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.