CM inspection: भोपाल/शाजापुर/खरगोन में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादवने गुरुवार को उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानी. इस दौरान उनका अलग अंदाज देखने को मिला, जब वे शाजापुर जिले के मकोड़ी स्थित श्यामा वेयरहाउस में ट्रॉली पर चढ़कर सीधे किसानों के बीच पहुंचे और उनसे संवाद किया.
ट्रॉली पर चढ़कर किसानों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव शाजापुर जिले के मकोड़ी स्थित श्यामा वेयरहाउस पहुंचे, जहां उन्होंने ट्रॉली पर चढ़कर किसानों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनीं. इस दौरान उन्होंने सीधे संवाद कर किसानों से उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली.
गेहूं तौल प्रक्रिया का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने उपार्जन केंद्र पर गेहूं की तौल प्रक्रिया का बारीकी से निरीक्षण किया. उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो. शाजापुर के अलावा मुख्यमंत्री ने खरगोन जिले के कतरगांव स्थित उपार्जन केंद्र का भी निरीक्षण किया. यहां भी उन्होंने व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए और व्यवस्था को और सुचारू बनाने पर जोर दिया.
हर केंद्र पर 6 तौल कांटे हों
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि प्रत्येक उपार्जन केंद्र पर कम से कम 6 तौल कांटे संचालित किए जाएं, ताकि किसानों को अपनी उपज तौल कराने के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े. इससे प्रक्रिया तेज और पारदर्शी हो सकेगी. निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को उपार्जन केंद्रों पर छाया, शीतल पेयजल, बैठने की व्यवस्था, पर्याप्त बारदाना, सिलाई मशीन, कंप्यूटर और इंटरनेट कनेक्टिविटी जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
किसानों को सम्मानपूर्वक मिले उपज का उचित मूल्य
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने स्पष्ट कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य सम्मानपूर्वक मिलना चाहिए. उन्होंने चेतावनी दी कि उपार्जन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी. मुख्यमंत्री का यह औचक निरीक्षण प्रशासनिक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. इससे उपार्जन प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुगमता बढ़ने की उम्मीद है.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.