MP Employee Promotion: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के सीएम डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दस साल से अपेक्षित बड़ी सौगात दी है. उन्होंने एक दशक बाद प्रमोशन प्रक्रिया शुरू कर दी है. यह प्रक्रिया शुरू होने पर अधिकारियों-कर्मचारियों ने सीएम डॉ. यादव का स्वागत किया.
इस बीच कर्मचारियों ने यह भी मांग कर दी कि जिन विभागों में यह प्रक्रिया शुरू नहीं है, वहां भी जल्द शुरू की जाए. इस पर सीएम डॉ. यादव ने उन्हें आश्वासन दिया कि जो भी अधिकारी-कर्मचारी पदोन्नति का पात्र होगा, उसे वह दी जाएगी. सरकार की इस पहल से लाखों कर्मचारियों को लाभ पहुंचेगा.
सीएम के स्वागत में बजे ढोल-नगाड़े
गौरतलब है कि, 8 जुलाई को मुख्यमंत्री मोहन यादव कैबिनेट बैठक के लिए जैसे ही मंत्रालय पहुंचे, वैसे ही उनके स्वागत में ढोल-नगाड़े बजने लगे. अधिकारी-कर्मचारी उनके स्वागत के लिए उमड़ पड़े. कर्मचारियों ने सीएम डॉ. यादव को गुलदस्ता भेंट किया. इस मौके पर कर्मचारियों ने कहा कि हम पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हैं.
कर्मचारी कल्याण के लिए सीएम डॉ. यादव प्रतिबद्ध
इस अवसर पर कर्मचारी कल्याण समिति, मंत्रालय कर्मचारी संघ और अजाक्स के पदाधिकारी मौजूद थे. बता दें, मुख्यमंत्री डॉ. यादव पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि कर्मचारी कल्याण के लिए वे प्रतिबद्ध हैं. उन्होंने इस अवसर पर भी संघों के पदाधिकारियों को आश्वासन दिया कि कोई भी पात्र कर्मचारी अन्याय का शिकार नहीं होगा. उन्होंने पद संभालते ही कर्मचारी कल्याण के लिए पहल करनी शुरू कर दी थीं. उसी का परिणाम है कि आज लाखों कर्मचारियों को सीधा फायदा होने जा रहा है.