Singrauli bear attack: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के वनांचल क्षेत्रों में जंगली जानवरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. ताजा मामला बासींबेरदहा गांव से सामने आया है, जहां एक भालू ने 50 वर्षीय व्यक्ति पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया.
अचानक भालू का हमला, संभलने का मौका नहीं मिला
जानकारी के अनुसार, बासींबेरदहा निवासी राममनोहर सिंह (50 वर्ष) अपने दैनिक कार्य के लिए गांव के पास मौजूद थे, तभी झाड़ियों से निकले एक भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला. घटना के दौरान राममनोहर के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद भालू जंगल की ओर भाग गया. ग्रामीणों की तत्परता से उनकी जान बचाई जा सकी.
अस्पताल में चल रहा उपचार
घायल राममनोहर सिंह को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरई ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार उनके शरीर पर गहरे घाव हैं, लेकिन हालत फिलहाल स्थिर है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और ऐसे हमलों पर रोक लगाने की मांग की है, साथ ही पीड़ित को मुआवजा देने की भी मांग उठाई है.
Disclaimer- The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.