तेजी से हो रहे तकनीकी विकास के इस युग में, मोबाइल फोन हमारे दैनिक जीवन का एक अनिवार्य हिस्सा बन गए हैं. हालांकि, बच्चों के बीच इनका आकर्षण अक्सर माता-पिता को काफी परेशान कर देता है.
आपने देखा होगा आजकल हर बच्चा फोन देखकर खाना खा रहा है, या दिनभर बस फोन में कार्टून ही देखते रहता है और फोन छीनते ही रोने लगता है. ये आदतें बच्चे की आँखों को प्रभावित करने के साथ-साथ उसके मानसिक विकास को भी प्रभावित करती हैं. आइये जानते हैं कि माता-पिता के रूप में, हम अपने बच्चों को फोन की लत कम करने में कैसे मदद कर सकते हैं?
बच्चों में फोन की लत के पीछे के कारण
बहुत से बच्चे कम उम्र से ही इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के संपर्क में आ जाते हैं. जब भी माता-पिता व्यस्त होते हैं, तो वे अक्सर अपने बच्चों को शांत करने के लिए मोबाइल फोन या टैबलेट को “इलेक्ट्रॉनिक पैसिफायर” के रूप में इस्तेमाल करते हैं. यह आदत अनजाने में बच्चों को मोबाइल फोन पर निर्भरता की ओर ले जाती है; लेकिन यह निर्भरता न केवल उनके शैक्षणिक प्रदर्शन को प्रभावित करती है, बल्कि दृष्टि संबंधी समस्याएं, गर्दन में खिंचाव और हाथों में तकलीफ जैसी स्वास्थ्य समस्याओं का कारण भी बन सकती है.
बच्चों को फोन की लत कम करने में मदद करेंगे ये उपाय
- फोन की लत को रोकने में माता-पिता की निगरानी पहला कदम है. कई ऐप बच्चों के फोन के इस्तेमाल के समय और सामग्री पर नज़र रख सकते हैं, जैसेकि दैनिक उपयोग सीमा निर्धारित करना या उनके द्वारा देखी जाने वाली वेबसाइटों की जांच करना. इससे माता-पिता यह पता लगा सकते हैं कि उनके बच्चे फोन के आदी तो नहीं हैं और उनके उपयोग के तरीके को समझ सकते हैं.
- इसके अलावा स्पष्ट उपयोग नियम निर्धारित करना आवश्यक है. माता-पिता अपने बच्चों के साथ मिलकर फोन के उपयोग का एक उचित टाइम टेबल बना सकते हैं, जिसमें फोन के उपयोग की दैनिक सीमा स्पष्ट रूप से निर्धारित किया जा सके.
- बच्चों की रुचियों और शौक को बढ़ावा देना फोन के उपयोग को कम करने का एक और प्रभावी तरीका है. जब बच्चे अन्य गतिविधियों में आनंद पाते हैं, तो वे स्वाभाविक रूप से फोन पर अपनी निर्भरता कम कर देते हैं. माता-पिता अपने बच्चों को विभिन्न खेलों, संगीत, कला और अन्य रुचि की कक्षाओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित कर सकते हैं, जो न केवल उनके सामाजिक कौशल को बढ़ाते हैं बल्कि मनोरंजन के वैकल्पिक साधन भी प्रदान करते हैं.
- इसके अलावा परिवार के सदस्यों को अधिक से अधिक समय बच्चों के साथ बिताना चाहिए, क्योंकि ज्यादातर वो बच्चे फोन का इस्तेमाल अधिक करते हैं, जो अकेलेपन का शिकार होते हैं.