Kathal Achar Recipe: गर्मियों में हर घर में लगभग आम के अचार धूप में रखे जाने शुरु हो गए हैं. इस मौसम में हर घर में कोई न कोई अचार जरूर रखा जाता है, उन्हीं में से एक है कटहल का अचार.
भारत के कई घरों में इस अचार को गर्मी के मौसम में बनाया जाता है, जो एक से दो साल तक आराम से चलता है. ये अचार इतना टेस्टी होता है कि साधारण खाने में भी जान डाल देता है. यह नमकीन, तीखा, खट्टा और मसालेदार होता है. यह अचार रोटी, परांठा, चावल, दाल-चावल, समोसा-चटनी या परांठे के साथ बेहतरीन लगता है. आइये देखते हैं इसकी रेसिपी!
सामग्री (लगभग 1 किलो कटहल के लिए)
कटहल (कच्चा, सफेद वैराइटी)– 1 किलो (1 इंच के टुकड़े)
सरसों का तेल – 1 कप (अचार के लिए)
नमक– 2 बड़े चम्मच (कटहल उबालने के लिए) + 1 बड़ा चम्मच (अचार के लिए)
काला नमक– 1 छोटा चम्मच
हल्दी पाउडर– 1 बड़ा चम्मच
राई (सरसों)– 2 बड़े चम्मच
राई (पिसी हुई)– 2 बड़े चम्मच
लाल मिर्च पाउडर– 2 बड़े चम्मच
कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर– 1 बड़ा चम्मच (रंग के लिए)
मेथी दाना– 1 छोटा चम्मच
जीरा– 1 छोटा चम्मच
सौंफ– 1 बड़ा चम्मच
खड़ी धनिया– 1 बड़ा चम्मच
अजवाइन– 1 छोटा चम्मच
कलौंजी– 1/2 छोटा चम्मच
हींग– 1/2 छोटा चम्मच
साबुत लाल मिर्च– 4–5
काली मिर्च– 1/2 छोटा चम्मच
दालचीनी– 1/2 इंच
लौंग– 3–4
काली मिर्च– 1/2 छोटा चम्मच
आमचूर पाउडर (सूखा आम पाउडर)– 2 बड़े चम्मच
सिरका– 1/4 कप (वैकल्पिक, अचार को लंबे समय तक रखने के लिए)
नींबू का रस– 2 छोटे चम्मच (वैकल्पिक)
बनाने की विधि
1. कटहल को तैयार करना
कटहल को बाजार से छिलवाकर और बीज निकलवाकर 1 इंच के टुकड़े करना है. उसके बाद हाथों में तेल लगाकर कटहल को काटें, ताकि चिपकाव न हो. एक बर्तन में 2–3 गिलास पानी लें, उसमें 2 बड़े चम्मच नमक और नींबू का रस डालें. कटहल के टुकड़ों को इस पानी में 4–5 मिनट तक उबालें (या कुकर में 1–2 सीटी तक). उबले हुए कटहल को छानकर ठंडा होने दें और धूप में 2–3 घंटे तक सूखा लें.
2. मसाले तैयार करना
राई, मेथी दाना, जीरा, धनिया, सौंफ, अजवाइन, कलौंजी, काली मिर्च, लौंग, दालचीनी को हल्का भून लें. ठंडा होने पर इन सभी मसालों को बारीक पीस लें. इसमें हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, काला नमक, हींग, आमचूर पाउडर और बचा हुआ नमक मिलाएं.
3. तेल तैयार करना
सरसों के तेल को पैन में गर्म करें जब तक तेल से धुआं निकलना शुरू हो जाए. गर्म तेल को ठंडा होने दें.
4. अचार बनाना
सूखे हुए कटहल के टुकड़ों को एक बड़े बर्तन में रखें. सभी मसाले और तेल मिलाकर अच्छी तरह चलाएं. इसके बाद अचार में सिरका या नींबू का रस मिलाएं (वैकल्पिक). अचार को सूखी हुई कांच की बरनी में भरकर टाइट बंद कर दें. अचार को 2–3 दिन धूप में रखें, इससे अचार पकता है और स्वाद आता है.