Home > लाइफस्टाइल > Sahjan Paratha: नाश्ते में रोज पराठा खाकर हो गए हैं बोर? घर पर बनाकर खाएं सहजन पराठा, स्वाद के साथ पोषण भी मिलेगा

Sahjan Paratha: नाश्ते में रोज पराठा खाकर हो गए हैं बोर? घर पर बनाकर खाएं सहजन पराठा, स्वाद के साथ पोषण भी मिलेगा

Sahjan Paratha Recipe: सुबह के नाश्ते में रोज-रोज आलू, गोभी या सादे पराठे खाकर अगर आपका भी मन ऊब गया है, तो इस बार कुछ ऐसा ट्राई करें जो स्वाद के साथ सेहत का भी ख्याल रखे. सहजन पराठा आपके नाश्ते में एक स्वादिष्ट और पौष्टिक ट्विस्ट ला सकता है. सीखें बनाने का आसान तरीका-

By: Lalit Kumar | Published: August 31, 2026 6:12:18 PM IST



Sahjan Paratha Recipe: सुबह के नाश्ते में रोज-रोज आलू, गोभी या सादे पराठे खाकर अगर आपका भी मन ऊब गया है, तो इस बार कुछ ऐसा ट्राई करें जो स्वाद के साथ सेहत का भी ख्याल रखे. सहजन पराठा आपके नाश्ते में एक स्वादिष्ट और पौष्टिक ट्विस्ट ला सकता है. सहजन की पत्तियों को गेहूं के आटे, रागी और बेसन के साथ मिलाकर तैयार किया जाने वाला यह पराठा न सिर्फ खाने में स्वादिष्ट लगता है, बल्कि इसमें कई पोषक तत्व भी मिलते हैं. सबसे अच्छी बात यह है कि, इसे बनाने के लिए किसी खास तैयारी की जरूरत नहीं पड़ती और यह कम समय में तैयार हो जाता है. अगर आप सुबह की प्लेट को हेल्दी और टेस्टी दोनों बनाना चाहते हैं, तो एक बार सहजन पराठे की यह आसान रेसिपी जरूर ट्राई करें. इसे दही, अचार, हरी चटनी या अपनी पसंदीदा सब्जी के साथ सर्व किया जा सकता है. अगर आप ने अब तक इसका स्वाद नहीं लिया है तो हमारी बताई रेसिपी ट्राई कर सकते हैं. आइए जानते हैं सहजन पराठा बनाने का आसान तरीका- 

सहजन का पराठा बनाने की सामग्री

  • गेहूं आटा– 1 कटोरी
  • सहजन पत्ते – 100 ग्राम
  • रागी का आटा – 1 बड़ी चम्मच
  • बेसन – 1 बड़ी चम्मच
  • लहसुन-हरी मिर्च का पेस्ट – 1 टी स्पून
  • लाल मिर्च पाउडर – 1 टी स्पून
  • हल्दी पाउडर – 1/2 टी स्पून
  • अदरक कद्दूकस – 1 टी स्पून
  • देसी घी – 2 टेबलस्पून
  • नमक – स्वादानुसार

सहजन का पराठा बनाने की विधि

स्टेप 1- सहजन का पराठा बनाने के लिए सहजन के पत्तों को लें और उन्हें अच्छी तरह से धोकर साफ कर लें. अब इन पत्तों के डंठल तोड़कर बारीक-बारीक काट लें. अब एक बड़ी मिक्सिंग बाउल लें और उसमें गेंहूं आटा और रागी का आटा डालकर अच्छे से मिला हैं. आटे में चुटकीभर नमक डालने के बाद इसमें बारीक कटे हुए सहजन के पत्ते डालकर मिक्स कर दें. अब बेसन, कद्दूकस अदरक डालकर मिलाएं. मिश्रण पूरी तरह से मिल जाए तो आखिर में लहसुन अदरक का पेस्ट डाल दें.

स्टेप 2- अब इस मिश्रण में थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गूंथ लें. ध्यान रखें कि आटा ज्यादा मुलायम न रहे, इसे थोड़ा सख्त गूंथा होना चाहिए. इसके बाद आटे की लोइयां तैयार कर लें. अब एक लोई लें और उसे चपाती से थोड़ा सा मोटा बेलें. इस दौरान एक नॉनस्टिक पैन/तवा लें और उसे धीमी आंच पर गर्म करने के लिए रख दें. 

स्टेप 3- जब तवा गर्म हो जाए तो उस पर थोड़ा सा घी डालकर चारों ओर फैला दें. अब बेला हुआ पराठा तवे पर डालें और उसे सिकने दें. थोड़ी देर बाद पराठा पलट दें और उस पर देसी घी लगाएं. पराठे को दोनों ओर से पलट-पलटकर सेकें जब तक कि इसका रंग गोल्डन ब्राउन ना हो जाए. इसके बाद पराठे को एक प्लेट में उतार लें. इसी तरह सारी लोइयों के पराठे तैयार कर लें. पौष्टिकता से भरपूर सहजन के पराठों को टोमेटो सॉस या मनपसंद चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं.

Advertisement